सीतापुर के बरई जलालपुर गांव में गुरुवार शाम एक लंगूर ने छत पर खेल रहे सात वर्षीय बालक नेतराम को उठाकर नीचे फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार उसे जिला अस्पताल ले गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ रेफर कर दिया गया। लखनऊ ट्रॉमा सेंटर से भी जवाब मिलने के बाद रिश्तेदारों ने निजी अस्पताल में इलाज की सलाह दी, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण परिवार उसे निजी अस्पताल नहीं ले जा सका और लौटते समय रास्ते में बच्चे की मौत हो गई।

बताया जाता है कि परिवार के पास आयुष्मान कार्ड नहीं था। बालक के चाचा उमेश कुमार के मुताबिक करीब दो साल पहले पिता मिश्रीलाल की मौत हो चुकी थी और मां दिव्यांग हैं, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से ही कमजोर थी।

घटना के बाद क्षेत्र में बंदरों के आतंक का मुद्दा फिर गरमा गया है। बरई जलालपुर के साथ शाहपुर, सरवरपुर, मुजफ्फरपुर, रामगढ़ और रायपुर गांवों में बंदरों के झुंड का आतंक बताया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार बंदर खेतों में गन्ने की फसल बर्बाद कर रहे हैं और घरों में घुसकर सामान उठाने के साथ लोगों पर हमला भी कर रहे हैं। गांव के सूरज, दीपू, सालिक और गोवर्धन ने बताया कि बंदर उन पर भी हमला कर जख्मी कर चुके हैं।

खंड विकास अधिकारी-खैराबाद नीरज दुबे ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि एडीओ पंचायत को गांव भेजकर बंदरों को पकड़ने की योजना तैयार की जाएगी। सीएचसी अधीक्षक-खैराबाद डॉ. राहिल फरीद ने कहा कि पात्र व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड अनिवार्य रूप से बनेगा और आयुष्मान मित्र से परिवार के सदस्यों की जानकारी कराई जाएगी।