काशी तमिल संगमम का पहला जत्था शुक्रवार शाम बनारस स्टेशन पहुंचा, जहां कन्याकुमारी से आए 207 छात्रों का ढोल-नगाड़ों और हर-हर महादेव के नारों के बीच भव्य स्वागत किया गया। रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने छात्रों को तिलक लगाकर और माला पहनाकर उनका अभिवादन किया।
स्टेशन पहुंचते ही छात्र ढोल-नगाड़ों की थाप पर उत्साह से झूम उठे और सभी ने एक स्वर में हर-हर महादेव के नारे लगाए। कई छात्रों ने इस पल को अपने मोबाइल में कैद किया, जबकि स्टेशन पर मौजूद अन्य यात्री भी इस स्वागत को देखने के लिए रुके। अधिकारियों ने छात्रों से यात्रा के बारे में जानकारी ली और काशी में उनके प्रवास के लिए शुभकामनाएं दीं। स्वागत के बाद सभी छात्रों को बसों से उनके ठहरने के स्थान के लिए रवाना किया गया।
अपने प्रवास के दौरान ये छात्र काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करेंगे, गंगा आरती में शामिल होंगे और सारनाथ, प्रयागराज तथा अयोध्या समेत विभिन्न धार्मिक व सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण करेंगे। संगमम का उद्देश्य उत्तर और दक्षिण भारत की संस्कृति, भाषा, खानपान और परंपरा को एक-दूसरे से जोड़ना है। छात्र यहां के विद्यार्थियों से मिलेंगे और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
तमिलनाडु से आए छात्रों ने कहा कि बनारस पहुंचकर उन्हें अपने घर आने जैसा अनुभव हुआ और काशी के लोगों का प्यार उन्हें लंबे समय तक याद रहेगा। स्वागत समारोह में बीएचयू कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी, डीआरएम आशीष जैन, सीनियर डीसीएम प्रशस्ति श्रीवास्तव, स्टेशन अधीक्षक विवेक सिंह, स्टेशन उपाधीक्षक सर्वेश पांडेय और क्षेत्रीय मंत्री जगदीश त्रिपाठी समेत काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।
