नैनीताल हाई कोर्ट ने चंपावत जिला कोर्ट द्वारा दुष्कर्म के एक मामले में सुनाई गई 20 साल की सजा रद्द करते हुए आरोपी को बरी कर दिया है। न्यायमूर्ति रवींद्र मैठाणी और न्यायमूर्ति सिद्धार्थ साह की खंडपीठ ने यह फैसला सुनाया। कोर्ट ने कहा कि अभियोजन पक्ष अपना आरोप संदेह से परे साबित नहीं कर सका, इसलिए अपीलकर्ता को संदेह का लाभ दिया गया है।

मामला टनकपुर का है, जहां 26 अगस्त 2021 को रोडवेज बस स्टेशन पर मानसिक रूप से बीमार युवती के साथ दुष्कर्म का वीडियो प्रसारित होने के बाद एसडीएम ने पुलिस को जांच के आदेश दिए थे। पुलिस ने दिनेश चौड़ाकोटी, निवासी सूखीढांग, के खिलाफ दुष्कर्म और अजय टम्टा, निवासी टनकपुर, के खिलाफ वीडियो प्रसारित करने के आरोप में मामला दर्ज किया था। ट्रायल कोर्ट ने आरोपी को दुष्कर्म का दोषी मानते हुए 20 साल कठोर कारावास और एक लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी, जिसके खिलाफ हाई कोर्ट में अपील दायर की गई थी।

अभियुक्त की ओर से अधिवक्ता अमित कापड़ी ने कोर्ट को बताया कि घटना का कथित वीडियो खुली अदालत में नहीं चलाया गया और सत्र न्यायाधीश ने वीडियो अपने चैंबर में देखकर खुद ही निष्कर्ष निकाल लिया। आरोपी का बयान भी दर्ज नहीं किया गया, जिससे उसे सफाई का मौका नहीं मिला।

खंडपीठ ने टिप्पणी करते हुए कहा कि जज गवाह नहीं बन सकता, अगर बनता है तो उसे जिरह के लिए खुद को पेश करना होगा। कोर्ट ने कहा कि शुरुआती गिरफ्तारी ही संदिग्ध है तथा मेडिकल और एफएसएल की रिपोर्ट अभियुक्त से नहीं जुड़ती है। सत्र न्यायाधीश ने चैंबर में वीडियो देखकर खुद को गवाह के स्थान पर रख लिया, जो कानून के अनुसार नहीं है। कोर्ट ने यह भी कहा कि केवल किसी दस्तावेज को कोर्ट में दाखिल कर देने से उसकी सच्चाई साबित नहीं हो जाती, बल्कि उसे कानून के अनुसार साबित करना जरूरी है। हाई कोर्ट ने अपील स्वीकार करते हुए सजा का आदेश रद कर दिया और अभियुक्त को बरी कर दिया।