केंद्र सरकार के लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि के प्रस्ताव से बिहार के संसदीय क्षेत्रों का भूगोल बदलने की संभावना है। इस प्रस्ताव के तहत बिहार में लोकसभा सीटों की संख्या 40 से बढ़कर 60 हो सकती है। यदि महिला आरक्षण बिल पास होता है तो इनमें से 20 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हो जाएंगी।
इसका सबसे बड़ा असर मुंगेर लोकसभा क्षेत्र पर पड़ सकता है। वर्तमान में मुंगेर संसदीय क्षेत्र तीन जिलों के छह विधानसभा क्षेत्रों से मिलकर बना है, जिनमें मुंगेर जिले के मुंगेर और जमालपुर, लखीसराय जिले के लखीसराय और सूर्यगढ़ा तथा पटना जिले के बाढ़ और मोकामा विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। प्रस्तावित परिसीमन में इस क्षेत्र का विखंडन हो सकता है और लखीसराय के नाम से एक नए लोकसभा क्षेत्र का उदय हो सकता है। हालांकि, यह अभी संभावित भौगोलिक पुनर्गठन का आकलन है, कोई आधिकारिक परिसीमन खाका नहीं है।
संभावित समीकरण में मुंगेर लोकसभा क्षेत्र को मुंगेर जिले तक सीमित किया जा सकता है। इसके लिए हवेली खड़गपुर विधानसभा क्षेत्र का फिर से सृजन किए जाने की संभावना है। ऐसी स्थिति में मुंगेर, जमालपुर, हवेली खड़गपुर और तारापुर विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर मुंगेर के नाम से नया संसदीय क्षेत्र गठित किया जा सकता है। वहीं, पटना जिले के बाढ़ और मोकामा को अलग संसदीय व्यवस्था में समायोजित किया जा सकता है और बाढ़ को फिर से स्वतंत्र लोकसभा क्षेत्र का दर्जा मिल सकता है।
लखीसराय के नाम से नए लोकसभा क्षेत्र के गठन की संभावना इस प्रस्तावित पुनर्गठन का महत्वपूर्ण पहलू है। इसके लिए बड़हिया विधानसभा क्षेत्र का पुनर्सृजन कर लखीसराय, सूर्यगढ़ा, बड़हिया और शेखपुरा विधानसभा क्षेत्रों को मिलाया जा सकता है। यदि आबादी के मानक के आधार पर बड़हिया के गठन में अड़चन आती है तो शेखपुरा और बरबीघा को लखीसराय लोकसभा क्षेत्र में शामिल करने का विकल्प हो सकता है। विधानसभा क्षेत्रों की संख्या और उनका निर्धारण जनसंख्या, भौगोलिक स्थिति, प्रशासनिक सीमाओं और परिसीमन आयोग के अंतिम निर्णय पर निर्भर करेगा।
