सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने श्रेष्ठ (एनईटीएस) 2027 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी है। मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, रजिस्ट्रेशन 14 नवंबर से शुरू हो चुका है और 30 नवंबर तक खुला रहेगा। इसकी प्रवेश परीक्षा अगले साल 10 जनवरी को आयोजित की जाएगी।
श्रेष्ठ यानी 'टारगेटेड क्षेत्रों के हाई स्कूलों में छात्रों के लिए आवासीय शिक्षा योजना' का उद्देश्य अनुसूचित जातियों (एससी) और उन पात्र विमुक्त जनजातियों के मेधावी छात्रों को अच्छी गुणवत्ता वाली शिक्षा उपलब्ध कराना है, जो एससी, एसटी और ओबीसी श्रेणियों में नहीं आते हैं। इस योजना के तहत इन छात्रों को प्रतिष्ठित निजी आवासीय स्कूलों में दाखिला दिलाया जाता है।
बयान के मुताबिक, जिन उम्मीदवारों ने आवेदन फॉर्म जमा कर दिए हैं, वे 2 से 4 दिसंबर के बीच उसमें सुधार कर सकते हैं। पात्र उम्मीदवार नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) के आधिकारिक पोर्टल के जरिए अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। मंत्रालय ने बताया कि इस योजना का मकसद शिक्षा के क्षेत्र में मौजूद असमानताओं को दूर करना है, ताकि लक्षित समुदायों के मेधावी छात्र अपनी पढ़ाई से जुड़े सपनों को पूरा कर सकें।
परीक्षा और आवेदन प्रक्रिया से जुड़े किसी भी सवाल के लिए उम्मीदवार एनटीए से उसके ईमेल पते [email protected] या हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 और 1800-180-4747 पर संपर्क कर सकते हैं।