देश की पहली महिला आईपीएस अधिकारी और पुडुचेरी की पूर्व उपराज्यपाल डॉ. किरण बेदी को राष्ट्रीय शिक्षक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) ने राष्ट्रीय मेंटर के रूप में शामिल किया है। यह जिम्मेदारी शिक्षा मंत्रालय की मेंटरिंग इनिशिएटिव फॉर टीचिंग, रिसर्च एंड असेसमेंट (मित्रा) पहल के तहत दी गई है। इस पहल का उद्देश्य देशभर के शिक्षकों को अनुभवी शिक्षाविदों, वरिष्ठ अधिकारियों और प्रतिष्ठित हस्तियों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है।

जानकारी के अनुसार, इस पहल के जरिए ऑनलाइन संवाद के माध्यम से शिक्षकों को व्यक्तिगत मार्गदर्शन दिया जाएगा, ताकि उनके शिक्षण कौशल, व्यावसायिक दक्षता और विद्यार्थियों को पढ़ाने के परिणामों में सुधार हो सके। इस पहल से जुड़ने पर किरण बेदी ने कहा कि यह सेवानिवृत्त अधिकारियों, अनुभवी पेशेवरों और वरिष्ठ शिक्षाविदों के लिए अपने अनुभव और ज्ञान से समाज को योगदान देने का विश्वसनीय मंच है। उन्होंने शिक्षकों को केंद्र में रखकर तैयार की गई इस पहल की सराहना भी की।

गौरतलब है कि किरण बेदी 1972 में आईपीएस में शामिल होने वाली देश की पहली महिला थीं। उन्हें भारत में जेलों की स्थिति सुधारने में अहम भूमिका के लिए जाना जाता है। अपने पुलिस करियर में उन्होंने नारकोटिक्स अधिकारी से लेकर आतंकवाद विशेषज्ञ तक कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। वे 2003 में संयुक्त राष्ट्र नागरिक पुलिस सलाहकार बनने वाली पहली महिला और पहली भारतीय भी रहीं।

बेदी नवज्योति और इंडिया विजन फाउंडेशन नाम के दो संगठन भी चलाती हैं, जिनकी स्थापना प्राथमिक शिक्षा और साक्षरता का स्तर बढ़ाने तथा कैदियों के पुनर्वास के लिए की गई थी। उन्होंने 2016 से 2021 तक पुडुचेरी की उपराज्यपाल के रूप में भी काम किया।