बांग्लादेश में जारी हिंसा के बीच प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने बिना नाम लिए भारत पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक समूह देश के खिलाफ साजिश कर रहा है और उसके आका सीमा पार उसी देश में रहते हैं, जहां वह भागकर गए हैं। रहमान ने कहा कि अब बहुत हो गया और आतंकवादियों, हत्यारों और आग लगाने वालों को जवाब देना होगा। उन्होंने 2024 के संघर्ष में साथ रहे सभी दलों से एकजुट होने की अपील की।
गौरतलब है कि आवामी लीग पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की पार्टी है, जो 2024 की हिंसा के बाद बांग्लादेश छोड़कर भारत आ गई थीं। आवामी लीग ने मुल्क में बंद का आह्वान किया है, जिसके बाद कई क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) की 96 टुकड़ियां, जिनमें करीब 3 हजार जवान हैं, ढाका, चटगांव, नारायणगंज, गाजीपुर, गोपालगंज, मैमनसिंह और फरीदपुर के संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मदद के लिए तैनात की गई हैं। नागरिक विमानन अधिकारियों ने बताया कि तोड़फोड़, आगजनी और देसी बम विस्फोट की घटनाओं के बाद सभी हवाई अड्डों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय हो रहा है जब पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना दिसंबर में मुल्क वापसी के संकेत दे चुकी हैं। उनके खिलाफ बांग्लादेश में कई मुकदमे चल रहे हैं और अदालत ने मौत की सजा भी सुनाई है। फिलहाल उनकी वापसी की तारीख तय नहीं है और भारत की ओर से भी इस पर औपचारिक बयान नहीं आया है। हसीना की वापसी की घोषणा के बाद हिंसा की ताजा घटनाएं शुरू हुईं, जिनकी शुरुआत उनके गृहनगर तुंगिपारा में दर्जनों युवाओं की गिरफ्तारी के बाद तनाव से हुई।
इससे एक दिन पहले बांग्लादेश के पूर्व मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस के ठिकानों पर हमले किए गए थे। चटगांव के पांचलाइस इलाके में उनके घर को आग लगा दी गई थी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक इस हमले में उनके परिवार के सदस्य सुरक्षित हैं। उनके स्थापित किए गए ग्रामीण बैंक की कई शाखाओं पर भी हमले हुए।
