बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख़ हसीना ने कहा है कि वह 16 दिसंबर को भारत से अपने देश लौटेंगी। अगस्त 2024 में सत्ता से बेदख़ल होने के बाद वह भारत में रह रही हैं। बांग्लादेश में 16 दिसंबर को विजय दिवस मनाया जाता है; 1971 में इसी दिन पाकिस्तान के साथ युद्ध के बाद देश आज़ाद हुआ था। न्यूज़ एजेंसी एपी के मुताबिक़, हसीना ने प्रधानमंत्री तारिक़ रहमान से राष्ट्रीय एयरलाइन के ज़रिए उनकी वापसी का इंतज़ाम करने की अपील की है। उनके प्रवक्ता सैयद मोज़म्मेल अली ने बयान में कहा कि 5 अगस्त 2024 को हसीना को बांग्लादेश के विमान से भारत लाया गया था और अब वह दिल्ली से ढाका तक हवाई सफ़र का इंतज़ाम करने की अपील करती हैं।
हसीना के सहयोगी अबू ओबैदा अरिन ने एपी से कहा कि बांग्लादेश लौटने के लिए विजय दिवस का दिन चुनना बहुत मायने रखता है। उन्होंने भरोसा जताया कि हसीना की वापसी के बाद उनके नेतृत्व में बांग्लादेश फिर शांति, स्थिरता और तरक्की की राह पर आगे बढ़ेगा। हसीना 5 अगस्त 2024 को भारत चली गई थीं, जब छात्र आंदोलन के कारण उन्हें 15 साल से चला आ रहा अपना शासन छोड़ना पड़ा था। इस आंदोलन में सैकड़ों प्रदर्शनकारी मारे गए थे। हसीना को उनकी गैरमौजूदगी में मानवता के ख़िलाफ़ अपराधों के मामले में मौत की सज़ा सुनाई गई थी। उन्होंने इस फ़ैसले को मानने से इनकार किया है और कहा है कि बांग्लादेश लौटने के बाद वह इस मामले में अपना पक्ष रखेंगी।
बांग्लादेश सरकार का रुख़ इससे अलग है। विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा है कि हसीना को अगर वापस आना है तो उन्हें हथकड़ी लगाकर और कड़ी निगरानी में लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हसीना कोई सामान्य यात्री नहीं हैं।
इस बीच यह सवाल उठ रहा है कि जब हसीना जानती हैं कि बांग्लादेश पहुंचते ही उन्हें गिरफ़्तार किया जा सकता है और उनके ख़िलाफ़ मौत की सज़ा का फ़ैसला आ चुका है, तो वह लौटना क्यों चाहती हैं। ढाका स्थित सेंटर फॉर गवर्नेंस स्टडीज़ के अध्यक्ष ज़िल्लुर रहमान ने अल जज़ीरा से कहा कि हसीना जानती हैं कि बांग्लादेश लौटने पर उनका क्या अंजाम हो सकता है, लेकिन उनका पासपोर्ट हासिल करने और वापसी की बात करने का मक़सद अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं को राजनीतिक रूप से सक्रिय रखना है। बांग्लादेश एंटरप्राइज़ इंस्टीट्यूट के वरिष्ठ शोध निदेशक फ़ैज़ सोभान ने कहा कि वापसी की घोषणा से हसीना राजनीतिक रूप से प्रासंगिक बनी रहती हैं, हालांकि उनकी वास्तविक वापसी की संभावना मुश्किल है। अमेरिका के पूर्व राजनयिक जॉन डैनिलोविच ने भी इसे अपने समर्थकों को एकजुट करने की कोशिश बताया था।
