आगरा में भाजपा को झटका लगा है। पूर्व कांग्रेस प्रदेश महासचिव शबाना खंडेलवाल ने गुरुवार को पार्टी छोड़ने का एलान कर दिया। उनका आरोप है कि उन्हें टिकट नहीं मिला और पार्टी में अपमानित किया गया। शबाना ने पांच साल पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा की सदस्यता ली थी।
शबाना खंडेलवाल वर्ष 2021 में कांग्रेस छोड़कर लखनऊ में भाजपा में शामिल हुई थीं। इससे पहले वे कांग्रेस में प्रदेश महासचिव रह चुकी हैं। गुरुवार को उन्होंने भाजपा छोड़ने की घोषणा की। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी में उनका अपमान हुआ। उनकी भावुक पोस्ट और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं।
शबाना का कहना है कि वे वैश्य समाज की बहू हैं और अगर उन्हें उत्तर से टिकट मिलता तो वे मजबूती से चुनाव लड़तीं। आरोप है कि उन्हें टिकट तो दूर, पार्टी की बैठकों तक में नहीं बुलाया गया। ब्रज क्षेत्र के पदाधिकारी से मिलने के लिए वे चार घंटे तक बैठी रहीं, लेकिन उनसे मुलाकात नहीं हुई। इसके बाद कई बार कॉल की, लेकिन कॉल रिसीव नहीं की गई और मैसेज का भी जवाब नहीं दिया गया।
उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों से सवाल भी पूछा कि जब कोई जिम्मेदारी नहीं देनी थी तो उन्हें बुलाया क्यों गया। शबाना ने कहा कि और अपमानित होने में कोई लाभ नहीं है, इसलिए उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला किया।
