विदेश मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी के सह-संयोजक सौरव दास के पासपोर्ट में दर्ज जन्मस्थान की जानकारी पर स्पष्टीकरण मांगा गया है। मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि चेन्नई के रीजनल पासपोर्ट कार्यालय ने 23 नवंबर को उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था। उनसे सात दिन में जवाब देने को कहा गया है और जवाब देने तक पासपोर्ट का इस्तेमाल न करने की सलाह दी गई है।
सौरव दास ने विदेश यात्रा पर रोक के खिलाफ बुधवार को दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की। उनके वकील ने एक्टिंग चीफ जस्टिस नितिन वासुदेव सांबरे और जस्टिस संजय शर्मा की बेंच के सामने जल्द सुनवाई की मांग की।
सौरव ने एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि भाजपा समर्थक कुछ सोशल मीडिया हैंडल ने उनका पासपोर्ट लीक कर दिया है। उन्होंने सवाल किया कि क्या विदेश मंत्रालय बताएगा कि नागरिकों के पासपोर्ट इस तरह लीक होना सामान्य बात है।
सौरव के मुताबिक, उन्हें ‘कॉकरोच मूवमेंट’ पर बोलने के लिए ब्रिटेन जाना था। 23 नवंबर को दिल्ली एयरपोर्ट पर रात एक बजे की फ्लाइट थी, लेकिन इमिग्रेशन काउंटर पर उन्हें रोक दिया गया। उन्होंने दावा किया कि ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, एलएसई और एडिनबरा जैसे विश्वविद्यालयों से उन्हें निमंत्रण मिले थे। आधिकारिक लिस्टिंग के अनुसार, एक दिसंबर को ऑक्सफोर्ड यूनियन में पैनल चर्चा होनी है, जिसमें उन्हें शामिल होने के लिए बुलाया गया था। ऑक्सफोर्ड यूनियन एक स्वतंत्र डिबेटिंग सोसाइटी है, जो ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी का हिस्सा नहीं है।
दीपके ने सौरव दास का समर्थन करते हुए कहा कि सरकार सीजेपी की लोकप्रियता से घबराई है। उन्होंने कहा कि अगर दास ने कोई धोखाधड़ी की होती तो भी उन्हें एयरपोर्ट पर इस तरह नहीं रोका जाता और ये सभी बहाने हैं।
