संभल में गंगा एक्सप्रेसवे पर बहजोई थाना क्षेत्र के गांव बनेटा के पास शुक्रवार रात करीब 11:10 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार वैगनआर कार आगे चल रहे एक ट्राले में पीछे से जा घुसी। इस टक्कर में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने घायल महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी और सीओ असमोली अमन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। कार की हालत इतनी खराब थी कि उससे हादसे की भीषणता का अंदाजा लग रहा था। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हटवाया गया। जिस ट्राले में कार पीछे से घुसी थी, पुलिस ने उसे पकड़ लिया है। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर प्रभावित यातायात को सुचारू करा दिया गया है।

घायल महिला ने अपना नाम शैलेश कुमारी बताया है और खुद को आजमगढ़ की रहने वाली बता रही है, लेकिन इससे आगे अपने बारे में कोई जानकारी नहीं दे पा रही है। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस कार के पंजीकरण नंबर के आधार पर भी जानकारी जुटाने में लगी है। कार का नंबर हरियाणा (एचआर) का बताया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोगों के एक ही परिवार के होने की आशंका है। पुलिस उनकी पहचान करने के लिए पूरी तरह जुटी हुई है और पहचान होने के बाद ही उनके बारे में विस्तृत जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और मृतकों की पहचान के लिए जांच कर रही है। घायल महिला जिला अस्पताल में भर्ती है।