राजकोट की रहने वाली डॉली वडालिया अस्पताल में डायटीशियन के तौर पर काम करती थीं। उनकी शादी जुलाई 2023 में खिलन वडालिया से हुई, जो कनाडा के कैलगरी शहर में काम करते हैं। शादी के बाद परिवार ने डॉली को भी पति के साथ कनाडा भेजने का फ़ैसला किया, लेकिन तब झटका लगा जब पता चला कि डॉली दुनिया के किसी भी देश की नागरिक नहीं हैं। इस कारण उनका कनाडा जाने का प्लान अधूरा रह गया। डॉली का कहना है कि वह 25 दिन की उम्र से राजकोट में रह रही हैं, यहीं पढ़ाई की और काम करती हैं, इसलिए वह भारत की नागरिक हैं। लेकिन अधिकारियों ने विभिन्न क़ानूनों का हवाला देते हुए उनकी दलीलें स्वीकार नहीं कीं। गुजरात हाई कोर्ट से भी उन्हें कोई राहत नहीं मिली। शादी के तीन साल बाद भी पत्नी राजकोट में और पति कनाडा में रह रहे थे। स्थानीय नेताओं के केंद्र सरकार के सामने मामला रखने के बाद अब डॉली को उम्मीद की एक किरण दिखाई दी है।
डॉली ने बताया कि उनके पिता केतन बराई 1995 में व्यापार के लिए मोज़ाम्बिक गए थे, जहां उन्होंने शाई-शाई शहर में किराने की दुकान खोली। इसके बाद उनकी पत्नी आरती बराई भी मोज़ाम्बिक चली गईं। फ़रवरी 2000 में वहां इस दंपती के घर बेटी पैदा हुई, जिसका नाम डॉली रखा गया। माता-पिता ने मोज़ाम्बिक सरकार से उनका जन्म प्रमाणपत्र भी बनवा लिया था। डॉली के मुताबिक, जन्म के कुछ दिन बाद ही मोज़ाम्बिक में तूफ़ान और भयानक बाढ़ आई, जिसमें उनके माता-पिता का सब कुछ नष्ट हो गया। करीब 18 दिन बाद उन्हें बाढ़ प्रभावित इलाक़े से बचाया गया और परिवार 14 मार्च 2000 को राजकोट लौट आया। परिवार का कहना है कि उस समय मोज़ाम्बिक में भारतीय कॉन्सुलेट की ओर से जारी इमरजेंसी सर्टिफ़िकेट के आधार पर उन्हें नवजात बेटी के साथ मोज़ाम्बिक छोड़ने और भारत आने की अनुमति मिली थी। इसके बाद वे कभी मोज़ाम्बिक नहीं गए।
राजकोट लौटने के बाद डॉली के माता-पिता ने उनका दाख़िला शहर के एक स्कूल में कराया। डॉली बताती हैं कि मोज़ाम्बिक सरकार की ओर से जारी उनका जन्म प्रमाणपत्र पुर्तगाली भाषा में था और इसी के आधार पर स्कूल में दाख़िला मिला। स्कूल छोड़ने के बाद मिले सर्टिफ़िकेट में भी दर्ज था कि उनका जन्म मोज़ाम्बिक में हुआ है। इन दस्तावेज़ों के आधार पर उन्हें कॉलेज में भी दाख़िला मिला। उन्होंने विज्ञान विषय में स्नातक की डिग्री और होम साइंस (फ़ूड एंड न्यूट्रिशन) में मास्टर डिग्री हासिल की। भारत सरकार ने उन्हें आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र और पैन कार्ड भी जारी किए। डॉली का कहना है कि वह इस मान्यता के साथ बड़ी हुईं कि वह भारत की नागरिक हैं।
वीज़ा के लिए आवेदन करने के लिए किसी देश का वैध पासपोर्ट ज़रूरी था, इसलिए डॉली ने सितंबर 2023 में भारतीय पासपोर्ट के लिए आवेदन किया और अहमदाबाद स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय से संपर्क किया। डॉली के जेठ रोनक वडालिया ने बताया कि पासपोर्ट कार्यालय के अधिकारियों ने मोज़ाम्बिक सरकार की ओर से जारी जन्म प्रमाणपत्र को मान्य नहीं माना और आवेदन ख़ारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि डॉली को यह साबित करना होगा कि वह भारतीय नागरिक हैं। इसके बाद डॉली ने मोज़ाम्बिक में भारतीय कॉन्सुलेट के अधिकारियों से अपने जन्म प्रमाणपत्र को प्रमाणित करवाया और कुछ अतिरिक्त दस्तावेज़ों के साथ मार्च 2025 में एक बार फिर पासपोर्ट के लिए आवेदन किया। हालांकि, पासपोर्ट कार्यालय ने इस बार भी आवेदन स्वीकार नहीं किया और कहा कि वह भारतीय नागरिकता साबित नहीं कर पाई हैं। इसके बाद डॉली ने राजकोट लौटकर भारतीय नागरिकता का प्रमाणपत्र हासिल करने के लिए ज़िला कलेक्टर कार्यालय से संपर्क किया।
