पंजाब में शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के बीच लंबी रस्साकशी के बाद दोस्ती बहाल हो गई है। इसके साथ ही माझा क्षेत्र में वारिस पंजाब दे के उतरने से आगामी विधानसभा चुनाव के समीकरण उलझ गए हैं। कुछ महीने पहले तक जिस मुकाबले को सत्तारूढ़ आप बनाम कांग्रेस के रूप में देखा जा रहा था, अब वहां चतुष्कोणीय और मजबूत मुकाबले की जमीन तैयार हो रही है। नई परिस्थिति में सबकी निगाहें शिअद-भाजपा की बहाल हुई दोस्ती और वारिस पंजाब दे के करिश्मे पर टिकी हैं।
बीते लोकसभा चुनाव के प्रदर्शन के पैमाने पर देखें तो एक दिलचस्प तस्वीर सामने आती है। तब क्रमश: सात और तीन सीटें जीतने वाली कांग्रेस और आप को समान रूप से करीब 26 फीसदी वोट मिले थे। अलग-अलग लड़े अकाली दल (एक सीट) और भाजपा (शून्य सीट) को क्रमश: 13.42 और 18.56 फीसदी वोट मिले थे। इनका संयुक्त वोट करीब 33 फीसदी था। निर्दलीय चुनाव जीतकर चौंकाने वाले अमृतपाल ने अब वारिस पंजाब दे का गठन किया है।
छह साल पहले अलग-अलग चुनावी किस्मत आजमा चुके भाजपा और अकाली दल की संयुक्त ताकत राज्य की सियासत में हमेशा मजबूत छाप छोड़ने में सफल रही है। साल 1996 में गठबंधन के बाद इस गठबंधन ने तीन बार सत्ता का स्वाद चखा। अलग-अलग लड़ने के कारण बीते लोकसभा और विधानसभा चुनाव में दोनों ही दल कमजोर दिखे।
भाजपा की योजना बिहार और महाराष्ट्र की तर्ज पर पंजाब की सियासत में धमक स्थापित करने की है। गौरतलब है कि पार्टी कभी बिहार और महाराष्ट्र में जदयू व शिवसेना के छोटे और प्रतीकात्मक भाई के तौर पर चुनाव लड़ती रही थी। बाद में धीरे-धीरे दोनों ही राज्यों में भाजपा बड़े भाई की भूमिका में आई।