राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को कटक में वार्षिक बाली जात्रा व्यापार मेले का उद्घाटन किया और कहा कि इस ऐतिहासिक उत्सव को एक दिन यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सूची में जगह मिलेगी और दुनियाभर में इसकी पहचान बनेगी। उन्होंने कहा कि बाली जात्रा देश का अनूठा उत्सव है, जिसकी जड़ें भारत के समुद्री इतिहास से जुड़ी हैं। कार्यक्रम में ओडिशा के राज्यपाल ब्रज मोहन राम, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और इंडोनेशिया का राजनयिक प्रतिनिधिमंडल भी मौजूद रहा।

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि देश में मनाए जाने वाले अधिकतर त्योहार धर्म, संस्कृति या कृषि पर आधारित होते हैं, जबकि बाली जात्रा एक ऐसा ऐतिहासिक आयोजन है जिसे त्योहार के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं कि एक दिन इसे यूनेस्को का दर्जा और दुनिया की पहचान मिलेगी। अधिकारियों के मुताबिक, कटक के बाली जात्रा को भारत की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की राष्ट्रीय सूची में शामिल किया जा चुका है, लेकिन यूनेस्को की सूची में जगह मिलना बाकी है। मुख्यमंत्री ने भी इसके लिए पहल शुरू की है।

राष्ट्रपति ने कहा कि ओडिशा के व्यापारी पुराने समय में व्यापार के लिए दूर-दराज के देशों की यात्रा करते थे, नए समुद्री रास्तों की खोज की और अलग-अलग देशों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान का माध्यम बने। समुद्री व्यापार का इतिहास धीरे-धीरे परंपरा में बदला और यही परंपरा आगे चलकर त्योहार बन गई। उन्होंने कहा कि ओडिशा और इंडोनेशिया के बाली द्वीप के बीच ऐतिहासिक संबंधों को आज के दौर में व्यापारिक और सांस्कृतिक सहयोग में बदला जा सकता है। इंडोनेशिया के बाली द्वीप पर भी दो दिनों तक ओडिशा का उत्सव मनाया जा रहा है, जिसमें राज्य के नृत्य, संगीत, हथकरघा, हस्तशिल्प और पारंपरिक व्यंजनों को प्रदर्शित किया जा रहा है।

राष्ट्रपति ने कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में अशांति और वैश्विक अर्थव्यवस्था में अस्थिरता के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत बनी हुई है। ओडिशा भी तेजी से औद्योगिक केंद्र के रूप में उभर रहा है और राज्य में निवेशकों की संख्या बढ़ रही है। कटक पहुंचने के बाद उन्होंने महानदी में सजी नाव से आयोजन स्थल तक यात्रा की और मेले के स्टॉल देखे तथा महिला स्वयं सहायता समूहों की सदस्यों से बातचीत की। इस साल मेले में करीब 1,500 स्टॉल लगाए गए हैं। कटक जिला प्रशासन की ओर से आयोजित यह महोत्सव 24 नवंबर से 1 दिसंबर तक चलेगा। अधिकारियों के मुताबिक, पिछले वर्षों में बाली जात्रा में 50 लाख से अधिक लोग पहुंचे थे और इस बार यह संख्या 60 लाख तक पहुंचने की उम्मीद है।