प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक संस्कृत श्लोक साझा किया है। इस श्लोक के जरिए शिक्षा, तपस्या, ज्ञान और इंद्रियों पर नियंत्रण के महत्व पर प्रकाश डाला गया है। पीएम मोदी ने एक्स पोस्ट में 'विद्याभ्यासस्तपो ज्ञानमिन्द्रियाणां च संयमः। अहिंसा गुरुसेवा च निःश्रेयसकरं परम्॥' श्लोक साझा किया है।

इस श्लोक का हिंदी भावार्थ है कि विद्या का अभ्यास, तपस्या, ज्ञान, इंद्रियों पर नियंत्रण, अहिंसा और गुरु की सेवा, ये सभी मनुष्यों के लिए परम कल्याणकारी हैं। इन्हें उत्तम जीवन और मोक्ष का साधन बताया गया है। पीएम मोदी की ओर से साझा किया गया यह श्लोक महासुभाषितसङ्ग्रह में संकलित है।

श्लोक में भारतीय संस्कृति और नीतिशास्त्र के आधार पर मनुष्य के सर्वांगीण विकास, चरित्र निर्माण और परम कल्याण के साधनों का वर्णन किया गया है। इसमें उन छह प्रमुख गुणों और साधनों का उल्लेख है जो व्यक्ति को वास्तविक श्रेष्ठता की ओर ले जाते हैं।

श्लोक का भाव यह है कि केवल बाहरी साधनों या भौतिक सुखों से जीवन का वास्तविक उत्कर्ष नहीं होता। अध्ययन, आत्मसंयम, करुणा और सम्मान की भावना से ही व्यक्ति का चरित्र दृढ़ बनता है और वह परम कल्याण को प्राप्त करता है।