पटना के अथमलगोला थाना क्षेत्र के चंदा गांव में शुक्रवार शाम संडा नदी के गड्ढे में डूबने से एक ही परिवार के तीन बच्चों की मौत हो गई। मृतकों में दो बच्चियां और एक बच्चा शामिल है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और गांव में शोक की लहर है।

ग्रामीणों के अनुसार चंदा निवासी रामप्रताप यादव शुक्रवार को अपने खेत में धान की फसल कटवा रहे थे। उन्हें खाना पहुंचाने के लिए उनके बड़े बेटे शैलेंद्र यादव के 10 वर्षीय पुत्र रितेश कुमार और 8 वर्षीय पुत्री सोनाली कुमारी तथा छोटे बेटे की 6 वर्षीय पुत्री शिवानी कुमारी गई थी। दादा को खाना देकर तीनों बच्चे घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में संडा नदी के गड्ढे में जमे पानी में नहाने लगे। इसी दौरान शिवानी गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। उसे बचाने के प्रयास में एक के बाद एक तीनों बच्चे डूब गए।

नदी के पास मवेशी चरा रहे एक बच्चे ने बच्चों को पानी में डूबते देख शोर मचाया, जिसके बाद कई ग्रामीण नदी किनारे पहुंचे, लेकिन तब तक तीनों बच्चे पानी में लापता हो चुके थे। इधर बच्चों के घर न पहुंचने पर स्वजन भी नदी किनारे पहुंचे। ग्रामीणों ने तीनों के शव नदी से बाहर निकाले। शव देखते ही मां शोभा कुमारी और शिवानी की मां जयगुन देवी तथा अन्य बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। दादा रामप्रताप यादव और दादी फूला देवी के आंसू भी नहीं रुक रहे। शिवानी के पिता धर्मेंद्र यादव दिल्ली में रहते हैं और बेटी की मौत की खबर सुनकर घर लौट रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए भेज दिया। अंचल प्रशासन ने बताया कि संडा नदी के गड्ढे में डूबने से तीन बच्चों की मौत हुई है और सरकारी प्रावधान के अनुसार स्वजन को मुआवजा दिया जाएगा।