सुरक्षाबलों ने शुक्रवार को दक्षिण कश्मीर के शोपियां में प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के तीन ओवरग्राउंड वर्कर (ओजीडब्ल्यू) को गिरफ्तार कर एक बड़े आतंकी षड्यंत्र को विफल बनाया है। तीनों आरोपितों के पास से पांच पोस्टर, एके-47 राइफल के 20 कारतूस, दो हथगोले, तीन मोबाइल फोन और तीन आधार कार्ड बरामद किए गए हैं।

शोपियां से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को अपने तंत्र से पता चला था कि लश्कर-ए-तैयबा स्थानीय लड़कों की भर्ती की साजिश रच रहा है और इसके लिए अपने ओवरग्राउंड वर्कर नेटवर्क का इस्तेमाल कर रहा है। सूत्रों के अनुसार, कश्मीर में किसी स्थानीय सूचीबद्ध आतंकी के न रहने से हताश संगठन इन ओजीडब्ल्यू को सक्रिय करने की तैयारी में था। पुलिस ने अधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की है।

इस सूचना के आधार पर पुलिस ने सेना की 34 आरआर के साथ मिलकर शोपियां के चिह्नित इलाकों में घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। अभियान के तहत नरवा-रावलपोरा में अबरार अहमद मीर निवासी अवेंद शोपियां, रासिक अहमद बट पुत्र अब्दुल रशीद बट और सुहैल अहमद लोन पुत्र गुलजार अहमद लोन, दोनों निवासी डचीपोरा शोपियां को पकड़ा गया। बरामद सामग्री जब्त कर आगे की जांच के लिए ले ली गई है।

इस संबंध में संबंधित पुलिस थाने में एफआईआर संख्या 250/2026 दर्ज की गई है। मामला भारतीय शस्त्र अधिनियम की धारा 7 और 25 तथा गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की धारा 13, 18, 23 और 39 के तहत दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के नेटवर्क, उनके सहयोगियों और हथियार एवं गोला-बारूद रखने के मकसद का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।