झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) की परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, अनियमितता और ओएमआर शीट में हेराफेरी के मामले की जांच कर रही सीआईडी ने अदालत में चार्जशीट दाखिल की है। चार्जशीट में कोर्ट को बताया गया है कि फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर (एफआरओ) परीक्षा में सफल अभ्यर्थी ऋतिक रोशन ने अपनी मां कंचन कुमारी के बैंक ऑफ इंडिया के खाते से तीन लाख रुपये का भुगतान पतंजलि आईएएस एकेडमी के संचालक संजीत कुमार को किया था। संजीत कुमार ऋतिक रोशन का चचेरा भाई है।

सीआईडी के अनुसार, संजीत कुमार ने ऋतिक को परीक्षा पास कराने के लिए 20 लाख रुपये में डील की थी और अनुचित माध्यम से उसे लाभ दिलाया गया। चार्जशीट के मुताबिक, 11 फरवरी 2026 को एफआरओ मुख्य परीक्षा के बाद ऋतिक को पंकज प्रसून के साथ रातू रोड के एक मकान में ले जाया गया, जहां 12 अभ्यर्थियों को उत्तर पुस्तिकाएं दी गईं और किताबों तथा एआई के माध्यम से प्रश्नों के उत्तर लिखे गए। सीआईडी ने संजीत कुमार और रविशंकर कुमार उर्फ रवि मास्टर के बयान में भी इसकी पुष्टि बताई है।

जांच में सामने आया है कि आरोपित संजीत कुमार एफआरओ परीक्षा उत्तीर्ण 119 अभ्यर्थियों के संपर्क में था, जबकि उस परीक्षा में कुल 743 अभ्यर्थी सफल हुए थे।