धमतरी जिले के शहरी क्षेत्र में कलेक्ट्रेट रोड स्थित एक मकान में करीब 6 फीट लंबा अजगर निकल आया। अजगर घर की सीढ़ियों पर दुबककर बैठा हुआ था, जहां से लोगों का आना-जाना लगा रहता है। घर के एक सदस्य की नजर अचानक अजगर पर पड़ी, जिसके बाद परिवार के बाकी लोग दहशत में आ गए। परिजनों ने फौरन सर्पमित्र सूर्यकांत साहू को मामले की जानकारी दी। अजगर निकलने की खबर सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर सर्पमित्र सूर्यकांत साहू मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक अजगर का रेस्क्यू किया। रेस्क्यू के दौरान अजगर ने कई बार हमला करने की कोशिश की, लेकिन सर्पमित्र ने उसे सुरक्षित पकड़कर बोरी में भर दिया। इस दौरान घर में रहने वाले लोग बाहर निकल आए और बच्चों को सुरक्षित अंदर कर लिया गया था।
रेस्क्यू के बाद अजगर को जंगल में छोड़ दिया गया। घर में अजगर मिलने से कुछ देर तक इलाके में दहशत का माहौल रहा। हालांकि, समय रहते सूचना मिलने और रेस्क्यू किए जाने से किसी तरह की अनहोनी नहीं हुई।
