दिल्ली सरकार की लखपति बिटिया योजना का लाभ लेने के लिए अब आधार अनिवार्य कर दिया गया है। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से 19 नवंबर को जारी अधिसूचना के मुताबिक, योजना के लिए पात्र लड़कियों को आधार नंबर का प्रमाण देना होगा या आधार प्रमाणीकरण कराना होगा। जिन लड़कियों के पास आधार नंबर नहीं है और जिन्होंने नामांकन भी नहीं कराया है, उन्हें पंजीकरण से पहले आधार के लिए आवेदन करना होगा।
सरकार ने यह भी व्यवस्था की है कि आधार बनने की प्रक्रिया के दौरान कोई पात्र लाभार्थी योजना की सहायता से वंचित न रहे। आधार के लिए आवेदन कर चुकी लड़कियां नामांकन पर्ची के साथ निर्धारित पहचान पत्रों में से कोई एक दस्तावेज जमा कर सकती हैं। इनमें फोटोयुक्त बैंक या डाकघर की पासबुक, पैन कार्ड, पासपोर्ट, राशन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, मनरेगा जॉब कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या राजपत्रित अधिकारी अथवा तहसीलदार की ओर से जारी फोटो पहचान पत्र शामिल हैं।
विभाग के जिला कार्यालयों को ऐसे लाभार्थियों के आधार नामांकन में मदद करने की जिम्मेदारी दी गई है, जिन्होंने अभी तक आधार नहीं बनवाया है। यदि किसी इलाके में आधार नामांकन केंद्र उपलब्ध नहीं है, तो विभाग भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआइडीएआइ) के साथ समन्वय कर सुविधाजनक स्थान पर नामांकन की व्यवस्था करेगा। अधिसूचना के अनुसार, खराब फिंगरप्रिंट या किसी अन्य कारण से बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण न हो पाने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था अपनाई जाएगी।
लखपति बिटिया योजना का उद्देश्य लड़कियों की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा मजबूत करना तथा उन्हें पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करना है। इसके तहत लड़की के जन्म और शिक्षा के विभिन्न पड़ावों पर उसके नाम से निवेश किया जाता है। लॉक-इन अवधि पूरी होने पर परिपक्वता राशि और उस पर मिलने वाला लाभ लाभार्थी को दिया जाता है। योजना के तहत जन्म के समय 11,000 रुपये और पहली, छठी, नौवीं, 11वीं तथा 12वीं कक्षा में प्रवेश पर 5,000-5,000 रुपये की सहायता दी जाती है। व्यावसायिक डिप्लोमा और स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए भी आर्थिक मदद का प्रावधान है, जिसमें तीन साल के स्नातक पाठ्यक्रम के लिए 20,000 रुपये और चार साल के पाठ्यक्रम के लिए 25,000 रुपये पाठ्यक्रम की अवधि के दौरान किस्तों में दिए जाते हैं।
