चीन ने शेनझोउ-24 मानव अंतरिक्ष मिशन के दल की घोषणा कर दी है, जिसमें पाकिस्तान के अंतरिक्ष यात्री मोहम्मद ज़ीशान अली भी शामिल हैं। पाकिस्तान ने इस मिशन के लिए ज़ीशान अली और ख़ुर्रम दाऊद का चयन किया था और दोनों ने चीन में अपनी ट्रेनिंग पूरी की है। अब ज़ीशान अली को मिशन के लिए अंतिम रूप से चुना गया है। वह पेलोड विशेषज्ञ के रूप में चीन के तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन जाएंगे, जबकि ख़ुर्रम दाऊद बैकअप अंतरिक्ष यात्री की भूमिका निभाएंगे। ज़ीशान अली चीन के अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाले पहले विदेशी अंतरिक्ष यात्री होंगे और यह चीन के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम के तहत चीनी और विदेशी अंतरिक्ष यात्रियों की पहली संयुक्त अंतरिक्ष उड़ान भी होगी।
शेनझोउ-24 मिशन की कमान चीनी अंतरिक्ष यात्री तांग होंगबो संभालेंगे। उनके साथ वू यी और मोहम्मद ज़ीशान अली भी होंगे। अंतरिक्ष यान को बुधवार को बीजिंग के समय के मुताबिक़ सुबह 8:18 बजे उत्तर-पश्चिम चीन के जियुकुआन उपग्रह प्रक्षेपण केंद्र से लॉन्च किया जाएगा। ज़ीशान अली तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन पर कई दिन बिताएंगे और इस दौरान वैज्ञानिक प्रयोगों तथा शोध गतिविधियों में हिस्सा लेंगे। मिशन पूरा होने के बाद वह शेनझोउ-23 मिशन के दो चीनी अंतरिक्ष यात्रियों के साथ पृथ्वी पर लौटेंगे।
शंघाई डेली के मुताबिक़, ज़ीशान अली शेनझोउ-24 मिशन के दौरान पाकिस्तान की ओर से चुने गए चार वैज्ञानिक प्रयोग और परीक्षण करेंगे। पाकिस्तान की अंतरिक्ष एजेंसी सुपारको को देश के विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानों से 300 से ज़्यादा प्रस्ताव मिले थे, जिनमें से चार प्रयोगों को चीनी विशेषज्ञों ने इस मिशन के लिए चुना। ये प्रयोग मुख्य रूप से बायो टेक्नोलॉजी से जुड़े हैं और इनका मक़सद खाद्य सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन तथा भविष्य में अंतरिक्ष की खोज से जुड़े क्षेत्रों में नई जानकारी हासिल करना है। मिशन में पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री के शामिल होने को देखते हुए चीनी और अंग्रेजी भाषा में संचालन संबंधी निर्देश तैयार किए गए हैं और ज़ीशान अली के लिए हलाल अंतरिक्ष भोजन की व्यवस्था भी की गई है।
अपने प्रशिक्षण के अनुभव के बारे में ज़ीशान अली ने बताया कि लड़ाकू विमान के पायलट होने के बावजूद उन्हें कठिन शारीरिक और तकनीकी प्रशिक्षण से गुजरना पड़ा। उन्होंने सेंट्रीफ्यूज प्रशिक्षण, बचाव और जीवन रक्षा का प्रशिक्षण तथा इमरजेंसी प्रक्रियाओं का अभ्यास किया, लेकिन सबसे बड़ी चुनौती चीनी भाषा सीखना थी। उनके मुताबिक़, अंतरिक्ष यान के सभी स्विच, सॉफ्टवेयर, प्रोग्राम और आवाज़ के जरिए दी जाने वाली घोषणाएं चीनी भाषा में हैं, इसलिए उन्हें रोज़मर्रा की चीनी भाषा के साथ-साथ तकनीकी शब्दावली भी सीखनी पड़ी। ज़ीशान अली ने कहा कि इस ऐतिहासिक मिशन का हिस्सा बनना उनके लिए सिर्फ निजी उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह पूरे पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करने का मौक़ा भी है। उन्होंने कहा, ''मैं पाकिस्तानी लोगों के सपनों को अपने साथ अंतरिक्ष में ले जा रहा हूं।''
यह मिशन पाकिस्तान और चीन के बीच कई साल से चल रहे अंतरिक्ष सहयोग का हिस्सा है। इस सहयोग के तहत चीन ने पाकिस्तान के उपग्रहों को अंतरिक्ष में भेजा है और 2028 के आसपास चीन के चांग'ई-8 चंद्र मिशन के ज़रिए पाकिस्तान में बना एक रोवर चंद्रमा पर भेजने की योजना भी है। चीन ने साल 2022 में अपने तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन का निर्माण पूरा कर लिया था और अब वह अपने अंतरिक्ष कार्यक्रम में दूसरे देशों के साथ साझेदारी बढ़ाना चाहता है। चीन का लक्ष्य साल 2030 तक अपने अंतरिक्ष यात्रियों को चंद्रमा पर उतारना भी है।
