विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोमवार को रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से फोन पर बातचीत की। इस दौरान रूस-यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान पर चर्चा हुई।
जयशंकर ने सोशल मीडिया पर बताया कि शाम को लावरोव के साथ हालिया घटनाक्रम पर हुई फोन बातचीत अच्छी रही। हालांकि, उन्होंने बातचीत का विस्तृत ब्योरा साझा नहीं किया।
यह बातचीत ऐसे समय हुई है जब अमेरिका संघर्ष को खत्म कराने के लिए नए सिरे से प्रयास कर रहा है। इससे पहले 9 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से फोन पर बातचीत के दौरान कहा था कि भारत रूस-यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में किए जा रहे सभी प्रयासों में योगदान देने के लिए तैयार है।
करीब दो महीने पहले यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने कहा था कि कीव को भारत और तीन अन्य देशों से संभावित युद्धविराम के लिए अलग-अलग प्रस्ताव मिले हैं।