ईरान में एक मशहूर गायिका और उनके बैंड तथा प्रोडक्शन टीम के चार सदस्यों को कोड़े मारे जाने की खबर है। गायिका परस्तू अहमदी ने बिना हिजाब पहने अपने यूट्यूब चैनल पर अपनी परफॉर्मेंस लाइव स्ट्रीम की थी। उनकी बचाव टीम के एक सदस्य ने बताया कि क़ोम शहर में 29 साल की अहमदी, तीन संगीतकारों और एक प्रोड्यूसर को 74-74 कोड़े मारे गए। अहमदी ने दिसंबर 2024 में लाइव-स्ट्रीम किए गए एक कॉन्सर्ट के दौरान बिना आस्तीन वाली ड्रेस पहनी थी। ईरान के कानून में महिलाओं के लिए सिर पर स्कार्फ और शालीन कपड़े पहनना ज़रूरी है।
इसी साल जून में क़ोम की एक अदालत ने अहमदी और आठ अन्य लोगों को "अश्लील और अभद्र सामग्री" प्रकाशित करके "सार्वजनिक शालीनता का उल्लंघन" करने का दोषी ठहराया था। उन्होंने इन आरोपों से इनकार किया था। 74 कोड़े मारने की सज़ा के अलावा, उन पर ऑडियो-विज़ुअल गतिविधियों और दो साल तक देश छोड़ने पर भी रोक लगा दी गई। उनके वकीलों ने बताया कि सितंबर के आख़िर में क़ोम की एक अदालत ने इन लोगों की अपील ख़ारिज कर दी और सज़ा को बरकरार रखा।
सोमवार को अभियुक्तों के वकीलों में से एक ने बताया कि अहमदी और उनके चार पुरुष सह-अभियुक्तों को क़ोम में 'क्रिमिनल सेंटेंस एनफोर्समेंट ऑफिस' की तीसरी शाखा में कोड़े मारे गए थे। वकील ने कहा कि फ़ैसले को पलटने या सज़ा कम करवाने की पूरी कोशिश की गई, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। ईरान में सुधारों की हिमायद करने वाले अख़बार 'एतेमाद' ने बचाव पक्ष के एक और वकील मुस्तफ़ा नीली के हवाले से अहमदी के साथ कोड़े खाने वाले चार लोगों की पहचान सोहेल फकीह-नासिरी, अमीन ताहेरी, अमीराली पीरनिया और मोहसेन लश्करी के तौर पर बताई है।
अमेरिका स्थित 'सेंटर फॉर ह्यूमन राइट्स इन ईरान' (सीएचआरआई) में एडवोकेसी डायरेक्टर बहार गंदेहारी ने कहा कि अपनी पसंद के कपड़े पहनने और गाने के लिए परस्तू अहमदी को कोड़े मारना उनके मौलिक अधिकारों का खुला उल्लंघन है। कई ईरानी कलाकारों और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं ने भी इस सज़ा की कड़ी निंदा की है और चेतावनी दी है कि कोड़े मारना एक क्रूर, अमानवीय और अपमानजनक सज़ा है, जो यातना पर लगी अंतरराष्ट्रीय रोक का उल्लंघन है। ईरान का कानून शरिया पर आधारित है, जिसके तहत किशोरावस्था पार कर चुकी महिलाओं और लड़कियों के लिए हिजाब से अपने बाल ढकना और शरीर की बनावट छिपाने के लिए लंबे, ढीले-ढाले कपड़े पहनना ज़रूरी है।
