आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बाद अब इंसानी दिमाग को कंप्यूटर से जोड़ने वाली तकनीक यानी ब्रेन-कंप्यूटर इंटरफेस को लेकर दुनिया के देशों और बड़ी टेक कंपनियों के बीच प्रतिस्पर्धा तेज हो रही है। इस क्षेत्र में एलन मस्क की कंपनी न्यूरालिंक पहले से काम कर रही है, जबकि चीन भी इस दौड़ में पीछे नहीं रहना चाहता। चीन की कोशिश है कि वह इस तकनीक में नई कंपनियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसके मानक तय करने में भी अहम भूमिका निभाए।

इसी दिशा में चीन के उद्योग और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने ब्रेन-कंप्यूटर इंटरफेस तकनीक के लिए एक नई कार्य समिति बनाने का फैसला किया है। यह समिति इस तकनीक से जुड़े मानक तैयार करने और उन्हें इस्तेमाल के लायक बनाने पर काम करेगी।

चीन की यह पहल उसकी भविष्य की तकनीकी रणनीति का हिस्सा है। उसने अपनी 15वीं पंचवर्षीय योजना में ब्रेन-कंप्यूटर इंटरफेस को भविष्य के छह प्रमुख उद्योगों में शामिल किया है। इसके अलावा चीन ने इंटरनेशनल ऑर्गेनाइजेशन फॉर स्टैंडर्डाइजेशन और इंटरनेशनल इलेक्ट्रोटेक्निकल कमीशन की संयुक्त बीसीआई उपसमिति की अध्यक्षता भी हासिल की है। ये दोनों संस्थाएं दुनियाभर में तकनीकी मानक तय करने का काम करती हैं। ऐसे में चीन सिर्फ इस तकनीक को विकसित करने पर ही ध्यान नहीं दे रहा, बल्कि इससे जुड़े अंतरराष्ट्रीय नियम और मानक तय करने में भी अपनी पकड़ मजबूत करना चाहता है।

ब्रेन-कंप्यूटर इंटरफेस ऐसी तकनीक है, जो इंसानी दिमाग से निकलने वाले न्यूरल सिग्नल को पहचानकर उन्हें कंप्यूटर या दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के निर्देशों में बदल देती है। आसान भाषा में कहें तो इसकी मदद से कोई व्यक्ति बिना हाथ-पैर हिलाए या बोले सिर्फ अपने दिमाग के संकेतों से किसी डिवाइस को नियंत्रित कर सकता है। यह तकनीक खास तौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी मानी जा रही है, जो किसी बीमारी या चोट के कारण बोलने या चलने-फिरने की क्षमता खो चुके हैं। इसी वजह से दुनिया भर की कंपनियां और निवेशक इस तकनीक में तेजी से दिलचस्पी दिखा रहे हैं।