कनाडा के महंगे शहरों में कई लोग अब ऐसे लोगों के साथ मिलकर घर खरीद रहे हैं, जिन्हें वे पहले नहीं जानते थे। वैंकूवर में रहने वाली एलिज़ाबेथ और टॉम विलकॉक्स को अपने दो बच्चों के लिए मनचाहा घर खरीदना मुश्किल लग रहा था। उनका बजट 10 लाख कनाडाई डॉलर था, जिसमें वे ज़्यादा से ज़्यादा बालकनी वाला छोटा अपार्टमेंट ही खरीद सकते थे। तब एलिज़ाबेथ के मन में किसी दूसरे परिवार के साथ मिलकर घर खरीदने का विचार आया। उन्होंने स्थानीय रियल एस्टेट एजेंट के ई-न्यूज़लेटर में विज्ञापन दिया, लेकिन मुफ़ीद परिवार मिलने में दो साल लग गए।

यह परिवार एश्ले पुलमैन, उनके पति और उनके दो बच्चों का था। 2023 में दोनों परिवारों ने मिलकर छह बेडरूम वाला एक घर खरीदा, जिसके पीछे बगीचा भी है। इसकी कीमत 18 लाख 50 हज़ार कनाडाई डॉलर बताई गई। दोनों परिवारों ने 2 लाख 50 हज़ार कनाडाई डॉलर की डाउन पेमेंट आधी-आधी दी और हर महीने 3,900 कनाडाई डॉलर की मॉर्गेज किस्त भी बराबर बांटते हैं। बिजली-पानी के बिल और घर की मरम्मत जैसे खर्च भी दोनों आधे-आधे उठाते हैं। एलिज़ाबेथ का कहना है कि इस व्यवस्था से दोनों परिवारों के दसियों हज़ार डॉलर बच रहे हैं।

ऐसे लोगों की संख्या का कोई आधिकारिक आंकड़ा उपलब्ध नहीं है, जो पहले से अनजान लोगों के साथ मिलकर घर खरीद रहे हैं। लेकिन टोरंटो में हस्मेट्स ऐप और वेबसाइट के संस्थापक और सीईओ पारिमल गोसाई का कहना है कि शहर में घरों की ऊंची कीमतों के कारण इसमें लोगों की दिलचस्पी काफ़ी बढ़ी है। यह ऐप ऐसे लोगों को आपस में जोड़ता है, जो किसी अनजान व्यक्ति के साथ मिलकर घर खरीदने की संभावना तलाश रहे हैं। ब्रिटेन की मॉर्गेज ब्रोकर कंपनी एलएंडसी के डेविड हॉलिंगवर्थ कहते हैं कि उन्होंने खुद ऐसा मामला नहीं देखा है, लेकिन उनका मानना है कि ब्रिटेन में भी ऐसा होता है, हालांकि यह चलन बहुत सीमित है।

तीन साल बाद भी विलकॉक्स और पुलमैन परिवारों का कहना है कि साथ रहने का उनका फ़ैसला अब तक अच्छा काम कर रहा है। दोनों परिवारों के पास अपनी रसोई जैसी निजी जगहें हैं, जबकि बेसमेंट में बने बड़े लिविंग रूम का इस्तेमाल दोनों मिलकर करते हैं। टोरंटो में फ्रीलांस बिज़नेस कंसल्टेंट सबरीना बोमन 2018 से दो अन्य लोगों के साथ मिलकर एक घर की मालकिन हैं। उनका कहना है कि तीनों ने अपनी-अपनी आमदनी के हिसाब से डाउन पेमेंट और मॉर्गेज की किस्तें बांटी थीं और घर के मामलों पर नियमित बैठकें करके खुलकर बातचीत से विवाद शुरुआत में ही सुलझाए जा सकते हैं।