सेना, केंद्रीय अर्धसैनिक बलों और सामरिक व्यवस्था से जुड़े कई अन्य संगठनों के व्हाट्सएप ग्रुपों में पाकिस्तान इंटेलिजेंस ऑपरेटिव (पीआईओ) की घुसपैठ सामने आई है। पीआईओ पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के गुप्त एजेंट होते हैं। इस साइबर घुसपैठ का उद्देश्य सेना और सीएपीएफ इकाइयों की ऑपरेशनल सूचना, सामरिक प्रतिष्ठानों, सैन्य गतिविधियों, रक्षा तैनाती और संवेदनशील जानकारियों से जुड़े आंकड़े जुटाना बताया गया है।

पिछले सप्ताह 17 नवंबर को कई सुरक्षा बलों ने अपने कार्मिकों को पाकिस्तानी आईएसआई और उसके गुर्गों पीआईओ की हरकतों से सतर्क रहने को कहा है। बलों ने इस संदेश को अधिक से अधिक जवानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। बताया गया है कि पीआईओ इन बलों के व्हाट्सएप ग्रुपों में घुसकर सैन्य गतिविधियों, अहम क्षेत्रों में तैनाती और अति संवेदनशील सुरक्षा नेटवर्क में सेंध लगाने की कोशिश कर रहे हैं। सेना, केंद्रीय अर्धसैनिक बल और सिविल डिफेंस कर्मियों को बताया गया है कि पीआईओ कई व्हाट्सएप ग्रुपों में छिपकर मौजूद हैं और खुद को बल से जुड़ा व्यक्ति बता रहे हैं।

हाल ही में सोनिया नाम की एक पीआईओ का मामला सामने आया है। महिला पीआईओ ने खुद को डीआरडीओ का वैज्ञानिक बताया और 'ऑल इंडिया डिफेंस सिविलियन म्यूचुअल ट्रांसफर पोस्टिंग' वाले व्हाट्सएप ग्रुप में शामिल हो गई। एक सिविलियन स्टाफ के साथ उसने लंबी बातचीत की और धीरे-धीरे उसे अपने जाल में फंसा लिया। पैसे लेकर उस कर्मचारी ने रक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारी लीक कर दी। इसके बाद बीआरओ सहित सभी सशस्त्र बलों और अन्य संगठनों को सतर्क किया गया है।

सभी बलों और संगठनों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने कर्मियों को साइबर सुरक्षा के बारे में जानकारी दें और सजग रहने की ट्रेनिंग दें। संभव हो तो छोटे समूहों में साइबर क्राइम और विशेष रूप से पीआईओ को लेकर जानकारी दी जाए। सेना के अलावा विभिन्न सुरक्षा बलों और सीमा सड़क संगठन बीआरओ सहित रक्षा क्षेत्र के अन्य संगठनों के सभी व्हाट्सएप ग्रुपों का ऑडिट करने का काम ग्रुप एडमिन को सौंपा गया है। अज्ञात व्यक्तियों को ग्रुप से बाहर किया जाए, पुराने ग्रुप समाप्त किए जाएं या उनसे बाहर निकला जाए अथवा संदिग्ध सदस्य को हटाया जाए। यह भी ध्यान रखा जाए कि इन ग्रुपों में कोई संवेदनशील जानकारी नहीं डाली जाएगी और उस बारे में व्हाट्सएप ग्रुप पर कोई चर्चा न की जाए।