पाकिस्तान की पहली ओरिजिनल नेटफ्लिक्स सीरीज़ 'जो बचे हैं संग समेट लो' अगले महीने रिलीज़ होने जा रही है। यह सीरीज़ 4 दिसंबर, 2026 को दुनिया भर के 191 देशों में उपलब्ध होगी और इसे कई भाषाओं में डब किया गया है। इसे पाकिस्तान के फ़िल्म उद्योग के लिए बड़ी क़ामयाबी माना जा रहा है, लेकिन भारत में इसकी रिलीज़ पर बैन लगाने की मांग उठ रही है।

एमडी फ़िल्म्स के बैनर तले बनी इस सीरीज़ की कहानी मशहूर उपन्यासकार फ़रहत इश्तियाक़ ने लिखी है, जबकि निर्माण और निर्देशन मोमिना दुरैद ने किया है। सीरीज़ के पहले हिस्से में पाँच एपिसोड हैं, जबकि कुल 13 एपिसोड होने की संभावना है। कहानी तीन पीढ़ियों और छह प्रेम कहानियों के इर्द-गिर्द घूमती है। फ़रहत इश्तियाक़ ने 2013 में इसी नाम से उपन्यास लिखा था। कहानी मुख्य रूप से सिकंदर (अहद रज़ा मीर) और लीसा (इक़रा अज़ीज़) के इर्द-गिर्द है। हार्वर्ड में क़ानून के छात्र सिकंदर अपने अतीत से परेशान होकर रोम जाता है, जहां चित्रकार लीसा से उसकी मुलाक़ात होती है। ट्रेलर के मुताबिक़ शूटिंग रोम के अलावा कराची, स्कार्दू और लंदन में भी हुई है। सीरीज़ का नाम फ़ैज़ अहमद फ़ैज़ की एक ग़ज़ल से प्रेरित है।

सीरीज़ में अहद रज़ा मीर और इकरा अज़ीज़ के साथ फ़वाद ख़ान, माहिरा ख़ान, हानिया आमिर, हमज़ा अली अब्बासी, सनम सईद, माया अली, आमना शेख़, ख़ुशाल ख़ान, अहमद अली अकबर और बिलाल अशरफ़ भी हैं। निर्देशक मोमिना दुरैद के बेटे शाह ज़ैन दुरैद इस सीरीज़ से अभिनय की शुरुआत कर रहे हैं। मोमिना दुरैद के मुताबिक़ इस प्रोजेक्ट पर काम करने में लगभग आठ साल लगे, जबकि शूटिंग 200 दिनों तक चली। सीरीज़ का संगीत और बैकग्राउंड स्कोर संगीतकार रोहैल हयात ने तैयार किया है।

पाकिस्तानी ड्रामे विदेशों में रहने वाले दक्षिण एशियाई दर्शकों के बीच कई साल से लोकप्रिय रहे हैं और यूट्यूब व सोशल मीडिया ने इनकी पहुंच बढ़ाई है। वियना स्थित संगीत और प्रदर्शन कला विश्वविद्यालय में स्क्रीनप्ले राइटिंग के प्रोफ़ेसर डॉ. उमैर अहमद ख़ान भारत में नेटफ्लिक्स के अनुभव का उदाहरण देते हैं। उनके मुताबिक़ नेटफ्लिक्स ने भारतीय दर्शकों के लिए स्थानीय कहानियों और सांस्कृतिक विषयों को फ़िल्म निर्माण की अलग शैली के साथ पेश किया।