सुभासपा अध्यक्ष एवं प्रदेश के पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र को जुमलेबाजी करार देते हुए अखिलेश यादव और आजम खान पर हमला बोला है। अंबेडकरनगर से मिली जानकारी के अनुसार जिला प्रभारी मंत्री ने कहा कि उन्होंने 2012 से पहले के सपा घोषणा पत्र और मौजूदा प्रण पत्र दोनों को पढ़ा है। उन्होंने सपा के 25 लाख नौकरियां देने और पांच हजार रुपये बेरोजगारी भत्ता देने के वादों पर सवाल उठाया। किसानों की कर्जमाफी के वादे पर उन्होंने समर्थन जताया, लेकिन वादों की व्यावहारिकता पर सवाल खड़े किए।
राजभर ने पिछले सपा शासनकाल में कानून-व्यवस्था और भर्ती प्रक्रिया को लेकर उठे विवादों का जिक्र करते हुए शिवपाल यादव पर निशाना साधा। उन्होंने 75 जिलों में अलग-अलग घोषणा पत्र जारी करने की पहल पर भी असहमति जताई। उन्होंने विपक्ष पर भाजपा का भय दिखाकर मुस्लिम समाज को राजनीतिक संदेश देने का आरोप लगाया।
आजम खान के बयान ''मरेंगे तो कुछ करके मरेंगे'' पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि मुस्लिम समाज के मुद्दों पर गंभीर चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा, रोजगार, अमन-चैन और राजनीतिक भागीदारी समाज की प्रमुख जरूरतें हैं।
इस बीच सपा जिलाध्यक्ष जंग बहादुर यादव ने मंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सपा जो कहती है वह करके दिखाती है। उन्होंने कहा कि लोग इंतजार कर रहे हैं कि कब राम मंदिर में चोरी करने वालों के घरों पर बुल्डोजर चलेगा और कब बनारस शहर टोकियो बनेगा।
