विदेशों में बैठे गैंगस्टर और माफिया भारतीय जेलों में बंद अपराधियों के जरिए अपना नेटवर्क चला रहे हैं। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने इसे बड़ी चुनौती बताया है। हाल ही में दिल्ली में हुए आतंकवाद निरोधी सम्मेलन-2026 में इस खतरे पर गंभीर चर्चा हुई। एनआईए के महानिदेशक राकेश अग्रवाल ने सम्मेलन के बाद कहा कि विदेशों में बैठे अपराधी भारतीय जेलों का इस्तेमाल अपने नेटवर्क को बढ़ाने के लिए कर रहे हैं। अलग-अलग राज्यों की जेलों में बंद गैंगस्टर अपने विदेशी आकाओं के निर्देश पर काम कर रहे हैं। एजेंसी ने राज्यों को सतर्क किया है और जेलों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा है। साथ ही कैदियों पर जेल से बाहर आने के बाद भी नजर रखने की जरूरत बताई है, क्योंकि जमानत के बाद वे दोबारा अपना नेटवर्क सक्रिय कर सकते हैं।

जेलों में बंद कैदियों के जरिए हत्या, हथियारों की खरीद, नशे की तस्करी और उगाही जैसे अपराधों को अंजाम दिया जा रहा है। एनआईए प्रमुख के मुताबिक, इस नेटवर्क को तोड़ने के लिए सबसे जरूरी है कि कैदियों तक मोबाइल फोन की पहुंच बंद की जाए, क्योंकि इसी के जरिए वे बाहर बैठे अपराधियों से संपर्क और निर्देशों का आदान-प्रदान करते हैं। जेलों में तैनात कुछ कर्मचारियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है, जिनमें अस्थायी कर्मचारी, डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ तक शामिल हैं। जेलों में व्हाट्सएप, सिग्नल और टेलीग्राम जैसे एन्क्रिप्टेड ऐप, सोशल मीडिया, फर्जी सिम, हवाला और नशीले पदार्थों के नेटवर्क पर सख्ती जरूरी बताई गई है। जैमर और सीसीटीवी होने के बावजूद मोबाइल और प्रतिबंधित सामान जेलों तक पहुंचने की घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं।

चार साल पहले गृह मामलों की संसदीय स्थायी समिति की 242वीं रिपोर्ट में भी जेल कर्मचारियों और अस्पताल के स्टाफ की भूमिका पर सवाल उठाए गए थे। रिपोर्ट में कहा गया था कि जेलों में मोबाइल फोन और प्रतिबंधित सामान पहुंचाने में कर्मचारी शामिल हो सकते हैं। समिति ने केंद्र और राज्यों के लिए कई सुझाव दिए थे।

एनआईए लंबे समय से इस नेटवर्क को तोड़ने की कोशिश कर रही है। वर्ष 2023 में एजेंसी ने खालिस्तानी विचारधारा के समर्थकों, आतंकियों, नशे के तस्करों और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के सहयोगियों के ठिकानों पर देशभर में छापेमारी की थी, जिसमें छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। जांच में सामने आया कि अमेरिका, मलेशिया, पाकिस्तान, फिलीपीन, ऑस्ट्रेलिया और कनाडा में बैठे अपराधी भारत में अपने नेटवर्क के जरिए गतिविधियां चला रहे हैं और उनके संपर्क भारतीय जेलों में बंद कैदियों से भी हैं। इस नेटवर्क के जरिए टारगेट किलिंग, अपराध के लिए पैसा जुटाना, हथियारों का इंतजाम, नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री, हवाला और उगाही जैसे काम किए जाते हैं। ऐसे में जेलों के भीतर मोबाइल और प्रतिबंधित सामान की पहुंच रोकना एनआईए और राज्यों की सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है।