संसद के विशेष सत्र में परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को पेश करने की तैयारी के बीच शरद पवार की अगुवाई वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने व्हिप जारी कर दिया है। शुक्रवार को केंद्रीय कैबिनेट ने परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी, जिसके बाद राजनीति गरमा गई। शरद पवार फिलहाल मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं।
पार्टी की सांसद सुप्रिया सुले ने परिसीमन विधेयक पर चर्चा के बीच कहा कि सत्र की घोषणा हो चुकी है और उनके पास एजेंडा नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी अनुशासित पार्टी है और जिस दिन ऐलान हुआ, उसी दिन व्हिप जारी कर दिया गया है। सुले ने कहा कि उन्होंने बिल नहीं देखा है और जब तक बिल नहीं देखतीं, वह कोई राय नहीं दे सकतीं।
शरद पवार की पार्टी ने परिसीमन बिल पर अभी तक औपचारिक और अंतिम समर्थन की घोषणा नहीं की है, लेकिन शर्तें पूरी होने पर समर्थन देने के संकेत मिले हैं। सुप्रिया सुले ने संकेत दिया है कि यदि बिल में सभी राज्यों में लोकसभा सीटों में समान रूप से 50% की बढ़ोतरी का प्रावधान हो और साथ में महिला आरक्षण से जुड़ा विषय शामिल हो, तो पार्टी इसका समर्थन कर सकती है।
पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनीश गावंडे ने कहा कि बिल का मसौदा देखे बिना समर्थन की बात कहना जल्दबाजी होगी और अंतिम रुख प्रावधानों की समीक्षा के बाद तय होगा।
