हिसार के नारनौंद में किसानों ने खेतों में हाईटेंशन बिजली के टावर लगाने के विरोध में शुक्रवार को एसडीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया और ज्ञापन सौंपा। पेटवाड़, खांडा खेड़ी, भकलाना, थुराना और बास गांव के किसानों ने एसडीएम विकास यादव को ज्ञापन देते हुए आरोप लगाया कि जमीन और फसल का उचित मुआवजा दिए बिना टावर लगाने का काम किया जा रहा है। किसानों की मांग है कि पहले मुआवजा तय कर भुगतान किया जाए।

किसानों के अनुसार पेटवाड़ में बन रहे पावर हाउस से विभिन्न गांवों की ओर पांच हाईटेंशन लाइनें निकाली जा रही हैं, जिनके लिए खेतों में टावर लगाए जा रहे हैं। उनका कहना है कि पहले भी विरोध कर काम रुकवाया गया था, लेकिन अब दोबारा शुरू किया जा रहा है। अलग-अलग किसानों को मुआवजे की अलग-अलग दरें बताए जाने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई।

किसान कुलवंत सिंह, विजय, अनूप, दिनेश, पवन, बलजीत, दीपक, प्रदीप और साहिल ने बताया कि जमीन का बाजार भाव करीब डेढ़ करोड़ रुपये प्रति एकड़ है, जबकि सरकारी स्तर पर कीमत 60 लाख रुपये आंकी जा रही है। उन्होंने सरकारी अधिसूचना के अनुसार बाजार दर तय कर टावर लगाने से पहले भुगतान की मांग की। किसानों ने पुराने टावरों का मुआवजा बकाया होने का भी आरोप लगाया।

किसानों ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो टावर लगाने का काम रोका जाएगा और बड़े स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा। एसडीएम विकास यादव ने कहा कि किसानों की समस्याएं और मांगें गंभीरता से सुनी गई हैं और ज्ञापन लिया गया है। जायज मांगें समाधान के लिए उच्च अधिकारियों तक भेजी जाएंगी।