बदायूं के ककोड़ा मिनी कुंभ मेले में ग्रामीण श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। श्रद्धालु ब्रह्म मुहूर्त से गंगा स्नान, पूजन और दान-पुण्य कर रहे हैं। स्नान के बाद लोग मीना बाजार और खानपान की दुकानों पर खरीदारी का आनंद ले रहे हैं।
रुहेलखंड की आस्था और सनातन परंपराओं के प्रतीक इस मेले में गंगा के रेतीले तट पर हर-हर गंगे और जय मां गंगे के जयघोष के बीच श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। आसपास और दूरदराज के गांवों से लोग ट्रैक्टर-ट्राली, बैलगाड़ी, साइकिल और मोटरसाइकिल से गंगा तट तक पहुंच रहे हैं। घाट पर मां गंगा को नमन करने के बाद श्रद्धालु स्नान करते हैं, सूर्यदेव को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और लोकमंगल की कामना करते हैं। इसके बाद गंगा पूजन, प्रसाद अर्पण और गरीबों को दान-दक्षिणा देने की परंपरा निभाई जाती है। कई परिवार बच्चों के साथ सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना करते देखे जा रहे हैं।
स्नान के बाद श्रद्धालुओं का अगला पड़ाव मेला बाजार है। मीना बाजार में महिलाओं की विशेष चहल-पहल है, जहां कुछ चूड़ियां और श्रृंगार का सामान पसंद कर रही हैं तो कुछ घरेलू जरूरतों की खरीदारी में जुटी हैं। बच्चों को खिलौनों की दुकानें आकर्षित कर रही हैं। चाट-पकौड़ी, मिठाइयों और प्रसाद की दुकानों पर भी खरीदारों की भीड़ लगी रहती है। मेले में घोड़ों के साज-सज्जा का सामान भी सजी दुकानों पर उपलब्ध है। ग्रामीणों की आवाजाही से दुकानदारों के चेहरे खिले हुए हैं।
मेले में श्रद्धालुओं का आवागमन सुबह से देर शाम तक बना रहता है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है और प्रशासनिक अधिकारी लगातार मेले का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं पर नजर रख रहे हैं। गंगा स्नान की परंपरा, परिवारों की सामूहिक मौजूदगी और बाजारों की चहल-पहल ने ककोड़ा मेले को गुलजार कर दिया है।
