बिसलेरी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने बंगाल स्थित बिसलेरी के प्लांट से लिए गए पानी के नमूने में बैक्टीरिया मिलने पर कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। प्रयोगशाला जांच में यह नमूना पीने के लिए असुरक्षित पाया गया।
सूत्रों के मुताबिक, यह नमूना जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपाड़ा गांव स्थित बिसलेरी प्लांट से लिया गया था। जांच में पानी में कोलीफार्म बैक्टीरिया की मौजूदगी मिली। प्राथमिक और रेफरल दोनों प्रयोगशालाओं ने इसकी पुष्टि की। इस मामले में 12 अगस्त 2026 को केवल एक बैच की बिक्री पर रोक लगाई गई थी। अब कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की अनुमति दी गई है।
इससे पहले रविवार को एफएसएसएआई ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई की घोषणा की थी। गोवा स्थित उसके संयंत्र से लिया गया नमूना भी जांच में असुरक्षित पाया गया था।
वहीं, बिसलेरी ने कहा है कि उसका पानी पीने के लिए सुरक्षित है और वह इस मामले में एफएसएसएआई के साथ सहयोग करेगी।
