पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर कंपनी बिसलेरी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी स्थित कंपनी के प्लांट से लिए गए पानी के सैंपल में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया पाया गया है। प्राथमिक और रेफरल, दोनों लैब की जांच में इसकी मौजूदगी की पुष्टि हुई। यह बैक्टीरिया सीवेज के रिसाव या खराब पाइपों के जरिए पानी में पहुंच सकता है। इसके बाद भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने दूसरी बार कंपनी पर केस चलाने की मंजूरी दी है।

इससे पहले गोवा स्थित बिसलेरी के प्लांट से लिए गए पानी के सैंपल में तय सीमा से ज्यादा ब्रोमेट मिला था। कंपनी की अपील पर सैंपल दोबारा रेफरल लैब भेजा गया, जहां पॉलीन्यूक्लियर एरोमेटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) मिला। इंटरनेशनल एजेंसी फॉर रिसर्च ऑन कैंसर (IARC) ने इन दोनों तत्वों को कैंसरकारी बताया है।

FSSAI के CEO राजित पुनहानी ने बताया कि देशभर में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर के सैंपल इकट्ठा किए जा रहे हैं और इनकी लैब जांच अगले एक से दो महीने में पूरी होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई का मकसद कंपनियों से नियमों का पालन कराना है, न कि लोगों में डर फैलाना। FSSAI ने सभी राज्यों के खाद्य सुरक्षा आयुक्तों और क्षेत्रीय अधिकारियों को पैकेज्ड ड्रिंकिंग व मिनरल वाटर की जांच और निगरानी बढ़ाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाली कंपनियों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

बिसलेरी ने अपने उत्पादों को पीने के लिए सुरक्षित बताते हुए कहा है कि वह FSSAI की ओर से उठाए गए मुद्दों को सुलझाने में पूरा सहयोग करेगी। कंपनी के मुताबिक, उसे अब तक ईमेल या हार्ड कॉपी के जरिए कोई नोटिस नहीं मिला है और वह बताए गए नोटिस को तलाश नहीं पाई है। बिसलेरी ने कहा कि पानी की सुरक्षा उसकी पहली प्राथमिकता है और पानी तैयार करने की 10 चरणों वाली प्रक्रिया में 90 से ज्यादा बार गुणवत्ता की जांच की जाती है।