मध्य प्रदेश में स्थानीय निकायों और पंचायतों में महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी 50 प्रतिशत आरक्षण से आगे बढ़कर मजबूत हुई है, जबकि विधानसभा और संसद में उनका प्रतिनिधित्व अब भी सीमित है। लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की चर्चाओं के बीच यह आंकड़े सामने आए हैं।

वर्ष 2022 में हुए पंचायत चुनाव में प्रदेशभर में 52.84 प्रतिशत महिला प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। इस चुनाव में 11,683 महिलाएं सरपंच चुनी गईं, जबकि पंच पदों पर 1,93,284 महिलाओं ने जीत हासिल की। इसके अलावा 179 महिलाएं जनपद पंचायत अध्यक्ष, 3,425 जनपद पंचायत सदस्य, 26 जिला पंचायत अध्यक्ष और 444 जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित हुईं।

नगरीय निकायों के चुनाव में भी महिलाओं ने मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। प्रदेश के 16 नगर निगमों में से आठ में महिला महापौर चुनी गईं। इसी तरह 50 नगर पालिकाओं और 149 नगर परिषदों में महिला अध्यक्षों ने जिम्मेदारी संभाली। नगरीय निकायों में महिला पार्षदों की संख्या 7,680 रही।

स्थानीय निकायों की तुलना में विधानसभा और लोकसभा की तस्वीर अलग है। 230 सदस्यीय विधानसभा में फिलहाल 27 महिला विधायक हैं, जो कुल सदस्यों का 11.7 प्रतिशत है। इनमें भाजपा की 21 और कांग्रेस की छह महिला विधायक शामिल हैं। 2023 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 28 और कांग्रेस ने 30 महिलाओं को उम्मीदवार बनाया था। राज्यसभा के 11 सदस्यों में तीन महिलाएं हैं, जबकि लोकसभा की 29 सीटों में से छह पर महिला सांसद हैं। समाजशास्त्री शशांक शेखर के अनुसार, महिला आरक्षण का प्रभाव उनकी पारिवारिक और सामाजिक भूमिका पर भी पड़ता है और स्थानीय स्तर पर नेतृत्व संभालने से उनका आत्मविश्वास मजबूत होता है।