मणिपुर में कुकी और नगा समुदायों के बीच तनाव कम करने के लिए फोरम फॉर नगा रिकंसिलिएशन (एफएनआर) ने 'क्रिसमस संघर्षविराम' की अपील की है। संगठन ने दोनों समुदायों से यह मौका आपसी भरोसा बहाल करने, हिंसा से प्रभावित परिवारों तक राहत पहुंचाने और सार्थक बातचीत का रास्ता बनाने के लिए इस्तेमाल करने का आग्रह किया है।

यह अपील 22 से 24 नवंबर तक कोलकाता में हुए कुकी-नगा प्रार्थना एवं शांति शिखर सम्मेलन के बाद आई है। सम्मेलन में दोनों समुदायों के चर्च और नागरिक समाज के नेताओं ने एक-दूसरे को पहुंचे गहरे घाव स्वीकार किए और शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में प्रयास करने की प्रतिबद्धता जताई।

मंगलवार को जारी बयान में एफएनआर ने कहा कि सम्मेलन में शामिल लोगों ने ईमानदारी और सम्मान के साथ बातचीत की और डर, नफरत तथा हिंसा के चक्र को तोड़ने की तत्काल जरूरत को स्वीकार किया। सहमति बनी कि भविष्य को ध्यान में रखते हुए ऐसी प्रक्रिया शुरू की जाए, जिसमें लगातार बातचीत और आपसी समझ के जरिए संघर्ष के मूल कारणों की पहचान होगी। नेताओं ने क्रिसमस से पहले बातचीत के एक और दौर पर भी सहमति जताई, जिसमें सभी संबंधित पक्षों को आमंत्रित किया जाएगा। एफएनआर ने दोनों समुदायों से शांति प्रक्रिया की जिम्मेदारी खुद उठाने और ऐसे निहित स्वार्थों या किसी तीसरी ताकत के प्रति सतर्क रहने को कहा, जो इस पहल को बाधित कर सकती है।

सम्मेलन में कुकी क्रिश्चियन चर्चेज मणिपुर, कुकी बैपटिस्ट चर्चेज मणिपुर, कुकी इनपी मणिपुर, कुकी क्रिश्चियन लीडर्स फोरम, कुकी बैपटिस्ट एसोसिएशन नागालैंड, कुकी क्रिश्चियन चर्च नागालैंड, नगा क्रिश्चियन फोरम मणिपुर, नगा पीपुल्स इनिशिएटिव फॉर पीस मणिपुर, फेलोशिप ऑफ नगा बैपटिस्ट एसोसिएशन और यूनाइटेड नगा काउंसिल के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। एफएनआर ने उम्मीद जताई कि यह पहल दोनों समुदायों के बीच सुलह और मेल-मिलाप का रास्ता तैयार करेगी।

बता दें कि मणिपुर के पहाड़ी जिलों में कुकी और नगा समुदायों के बीच फरवरी से अब तक हुई झड़पों में कम से कम 50 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में 2023 से घाटी में रहने वाले मैतेई और पहाड़ी इलाकों के कुकी समुदायों के बीच रुक-रुककर हिंसा जारी है, जिसमें अब तक कम से कम 306 लोगों की जान जा चुकी है और हजारों लोग बेघर हुए हैं। 49 लोग अब भी लापता हैं।