सर्दियों के मौसम में महोबा समेत कई जिलों में सिंघाड़े की खेती बड़े पैमाने पर हो रही है। महोबा में कस्बा बेलाताल के बेलासागर के साथ ही शहर के कीरतसागर और मदनसागर में करीब 500 हेक्टेयर में सिंघाड़े की खेती होती है। जिला अस्पताल के चिकित्सक डा. योगेंद्र सिंह राजावत के अनुसार, कच्चा सिंघाड़ा शरीर को हाइड्रेट रखता है। इसमें करीब 74 से 80 प्रतिशत पानी होता है, जो एसिडिटी और जलन में राहत देता है। पोटैशियम और एंटीआक्सीडेंट्स ब्लड प्रेशर संतुलित रखने और दिल की सेहत सुधारने में सहायक हैं। अधिक फाइबर के कारण यह लंबे समय तक पेट भरा रखता है। उबला सिंघाड़ा पाचन के लिए हल्का माना जाता है और अपच, गैस, ब्लोटिंग व कब्ज में आराम देता है। भोजन से पहले इसे खाने पर भूख शांत रहती है, जिससे वजन नियंत्रण में मदद मिलती है। इसमें मौजूद एंटीआक्सीडेंट्स और मिनरल्स इम्यूनिटी और त्वचा की सेहत को भी सहारा देते हैं। चूंकि सिंघाड़ा पानी में उगता है, इसलिए कच्चा खाने से पहले इसे अच्छी तरह धोकर और छीलकर ही खाना चाहिए।
वरिष्ठ मत्स्य निरीक्षक महोबा राजेश कुमार के अनुसार, हर साल सिंघाड़े का रकबा घटता-बढ़ता रहता है और कुछ किसान निजी भूमि में भी इसकी खेती करते हैं। 10 दिसंबर से नवीन पट्टे जारी किए जाएंगे। यहां किसान सिंघाड़े के साथ मछली पालन भी करते हैं। महोबा में करीब 1000 किसान सिंघाड़े की खेती से मुनाफा कमाते हैं और तालाबों से निकला ताजा सिंघाड़ा शहर के साथ आसपास के बाजारों में भी पहुंच रहा है। वर्तमान में यह 70-80 रुपये प्रति किग्रा बिक रहा है।
अन्य जिलों की बात करें तो फतेहपुर में 700 हेक्टेयर में 900 किसान, उन्नाव में 500 हेक्टेयर में 650 किसान, जालौन में 250 हेक्टेयर में 210 किसान, फर्रुखाबाद में 300 हेक्टेयर में 250 किसान, हमीरपुर में करीब 150 किसान 40 हेक्टेयर में, बांदा में 24 हेक्टेयर में करीब 40 किसान और कानपुर देहात में 40 हेक्टेयर में 15 किसान सिंघाड़ा उगा रहे हैं। औरैया में सिंघाड़े की खेती नहीं होती, जबकि इटावा में 625 तालाबों का पट्टा है, जिनमें 350 तालाबों में मछली पालन के साथ सिंघाड़े की खेती होती है।
