केरल में पुलिस ने एक फेयरनेस क्रीम ब्रांड के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि इस क्रीम के इस्तेमाल से 17 साल की एक लड़की को किडनी की गंभीर बीमारी हो गई। लड़की का इलाज करने वाले डॉक्टर ने मीडिया को बताया कि उसे मेम्ब्रेनस नेफ्रोपैथी नाम की बीमारी हुई, जिसमें किडनी की खून फ़िल्टर करने की क्षमता प्रभावित होती है और पेशाब के रास्ते बड़ी मात्रा में प्रोटीन निकलने लगता है। डॉक्टर के मुताबिक़, इसकी वजह क्रीम में कथित तौर पर मौजूद पारे की ज़हरीली मात्रा थी। लड़की की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। उसने कथित तौर पर सोशल मीडिया पर एक विज्ञापन देखने के बाद मुंहासों और झाइयों को ठीक करने के लिए यह क्रीम ख़रीदी थी।
मलप्पुरम ज़िले के एस्टर मिम्स मदर हॉस्पिटल ने एक बयान में बताया कि लड़की जिस क्रीम का इस्तेमाल कर रही थी, उसके नमूने की लैब में जांच कराई गई। जांच में क्रीम में 12,500 पीपीएम पारा मिला, जो स्किन लाइटनिंग उत्पादों में पारे की अधिकतम स्वीकार्य सीमा एक पीपीएम से कहीं ज़्यादा है। अस्पताल के नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. सतीश के मुताबिक़, लड़की ने क़रीब एक साल पहले सोशल मीडिया ऐप के ज़रिए यह क्रीम ख़रीदनी शुरू की थी और इस दौरान तीन बोतलें ख़रीदीं। कुछ महीनों तक इस्तेमाल के बाद उसे थकान, सिरदर्द, चक्कर आने और नींद न आने जैसी परेशानियां होने लगीं, साथ ही चेहरे और पैरों में सूजन आ गई।
अस्पताल के मुताबिक़, लड़की के माता-पिता उसे गंभीर सूजन और दूसरी शारीरिक परेशानियों के साथ अस्पताल लेकर आए थे। जांच में उसके शरीर में पारे का स्तर काफ़ी अधिक पाया गया, जिसके बाद क्रीम का नमूना लैब में भेजा गया। डॉक्टरों ने शरीर से ज़हरीले तत्वों को बाहर निकालने के लिए दवाएं दीं और किडनी से जुड़ी परेशानियों का इलाज किया। क़रीब एक महीने बाद लड़की को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई और अब वह घर पर ठीक हो रही है। हालांकि, लड़की ने बताया कि उसे अब भी स्वास्थ्य से जुड़ी कुछ परेशानियां हैं और पढ़ाई करने में दिक़्क़त हो रही है। डॉ. सतीश के मुताबिक़, सेहत में धीरे-धीरे सुधार हुआ है, लेकिन वह अभी पूरी तरह सामान्य नहीं हुई है।
केरल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। केरल राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने भी क्रीम बनाने वाली कंपनी के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक़, पारे के संपर्क में आने से नर्वस सिस्टम, पाचन तंत्र और इम्यून सिस्टम पर ज़हरीला असर पड़ सकता है, और फेफड़े, किडनी, त्वचा तथा आंखें भी प्रभावित हो सकती हैं। डब्ल्यूएचओ ने पारे को सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए चिंता पैदा करने वाले शीर्ष दस रसायनों में शामिल किया है और पारे वाले स्किन लाइटनिंग उत्पादों को स्वास्थ्य के लिए ख़तरनाक बताया है। विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसी कुछ क्रीमों में पारा और सीसा जैसी ज़हरीली धातुएं हो सकती हैं, लेकिन ये क्रीम व्हाट्सऐप और दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म के ज़रिए बेची जाती हैं, इसलिए अक्सर इन ब्रांडों की सरकारी निगरानी नहीं हो पाती।
