रांची के डोरंडा स्थित जैप वन परिसर में शुक्रवार को चार दिवसीय 21वीं झारखंड राज्य पुलिस ड्यूटी मीट का शुभारंभ हुआ। इसका उद्घाटन डीजीपी तदाशा मिश्रा ने किया। सीआइडी के अधीन आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में राज्य के सभी रेंज की आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें 80 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मी शामिल हैं। मीट 30 नवंबर तक चलेगी।

आयोजन का मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों को वैज्ञानिक अनुसंधान, आधुनिक तकनीक और फारेंसिक साक्ष्यों के उपयोग में दक्ष बनाना है, ताकि अपराधों में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मजबूत साक्ष्य जुटाकर उन्हें न्यायालय से सजा दिलाई जा सके। मीट में कुल 12 प्रतियोगिताएं होंगी, जिनमें फारेंसिक साइंस की लिखित परीक्षा, अपराध अनुसंधान, कंप्यूटर जागरूकता, फोटोग्राफी, घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने और उनकी पैकिंग, डाग स्क्वायड, एक्सप्लोसिव ट्रैकर तथा फिंगर प्रिंट से जुड़ी व्यावहारिक और मौखिक परीक्षाएं शामिल हैं।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए डीजीपी तदाशा मिश्रा ने कहा कि बेहतर अनुसंधान से ही अपराधियों को सजा दिलाई जा सकती है और झारखंड पुलिस इस पर लगातार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि आईटी, साइबर अपराध, अपराध नियंत्रण और महिला सुरक्षा सहित विभिन्न बिंदुओं पर काम चल रहा है तथा अपराधियों की प्रोफाइल तैयार की जा रही है। डीजीपी ने साइबर अपराध, मानव तस्करी, महिला एवं बाल अपराध तथा मादक पदार्थ के अवैध कारोबार से निपटने में तकनीक और फारेंसिक साक्ष्यों के बढ़ते उपयोग का जिक्र किया।

प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों का चयन किया जाएगा, जो राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली पुलिस ड्यूटी मीट में झारखंड पुलिस का प्रतिनिधित्व करेंगे। इन प्रतियोगिताओं में प्रथम तीन स्थान पर आने वाली टीमों को मिलाकर राज्य की टीम तैयार की जाएगी। उद्घाटन समारोह में एडीजी जैप सह एसीबी प्रिया दुबे, एडीजी सीआइडी मनोज कौशिक, आइजी सीआरपीएफ साकेत कुमार सिंह, आइजी मानवाधिकार पंकज कंबोज, आइजी प्रोविजन मयूर पटेल कन्हैयालाल, आइजी जैप सुनील भास्कर, डीआइजी एसीबी शैलेंद्र वर्णवाल, एसपी विशेष शाखा सौरभ, एसएसपी रांची राकेश रंजन और एसपी दीपक पांडेय आदि मौजूद थे।