फॉरेंसिक विशेषज्ञ प्रोफेसर माइकल फ्रीमैन ने दावा किया है कि जेल में मृत मिले यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन की मौत आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या का नतीजा थी। बीबीसी न्यूज़नाइट से बात करते हुए फ्रीमैन ने कहा कि न्यूयॉर्क शहर के मेडिकल एग्ज़ामिनर की फाइल की समीक्षा के बाद उनका मानना है कि एपस्टीन का गला घोंटा गया था, और सबसे ज़्यादा संभावना यही है कि ऐसा पीछे से किया गया हो।

हालांकि, 2019 में पोस्टमार्टम करने वाले मेडिकल एग्ज़ामिनर ने निष्कर्ष निकाला था कि एपस्टीन की चोटें आत्महत्या से मेल खाती थीं और हत्या के दौरान बचाव में लगने वाले घावों का कोई सबूत नहीं मिला था। पोस्टमार्टम के समय मुख्य मेडिकल एग्ज़ामिनर रहीं डॉक्टर बारबरा सैम्पसन ने मौत को आत्महत्या करार दिया था और कहा था कि वह अपने निष्कर्ष पर पूरी तरह कायम हैं। बीबीसी ने इस मामले पर उनकी नई प्रतिक्रिया मांगी है।

एपस्टीन 10 अगस्त 2019 को न्यूयॉर्क की जेल में मृत पाए गए थे, जब वह यौन ट्रैफ़िकिंग के आरोपों में मुक़दमे का इंतज़ार कर रहे थे। फ्रीमैन अमेरिका में पुलिस हिरासत में मौत के मामलों में मौत के कारणों के विशेषज्ञ के तौर पर काम कर चुके हैं, जिनमें मिनेसोटा में जॉर्ज फ्लॉयड की मौत का मामला भी शामिल है। उन्होंने सोमवार शाम लंदन में अपने निष्कर्ष पेश करने के बाद अपनी रिसर्च और मेडिकल एग्ज़ामिनर की फाइलें प्रकाशित कीं।

फ्रीमैन ने एपस्टीन का शव खुद नहीं देखा था। उन्होंने अपने निष्कर्ष मेडिकल एग्ज़ामिनर की रिपोर्ट में शामिल फाइलों और तस्वीरों के आधार पर निकाले, जो उन्हें एपस्टीन के भाई मार्क एपस्टीन ने उपलब्ध कराए थे। मार्क एपस्टीन हमेशा से दावा करते रहे हैं कि उनके भाई की हत्या की गई थी। फ्रीमैन ने कहा कि उनका विश्लेषण स्वतंत्र है और मार्क ने इसके लिए कोई भुगतान नहीं किया। उनकी रिसर्च की अभी विशेषज्ञों ने समीक्षा नहीं की है।

फ्रीमैन ने बीबीसी को बताया कि उनके विश्लेषण में एपस्टीन पर हमले के संकेत मिले हैं, जिनमें बाएं कंधे पर गहरा आंतरिक रक्तस्राव और चेहरे पर चोट के निशान शामिल हैं। उनके मुताबिक़, सबूतों से सबसे ज़्यादा यही संकेत मिलता है कि किसी फंदे से एपस्टीन का गला घोंटा गया और फिर उसी फंदे का इस्तेमाल शव को चारपाई से लटकाने के लिए किया गया। उन्होंने कहा कि गर्दन पर फंदे के निशान के ऊपर नाखूनों के निशान दिखाई देते हैं, जो गला घोंटे जाने और फंदा हटाने की कोशिश का संकेत देते हैं। पूछे जाने पर कि हत्या किसने की होगी, फ्रीमैन ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है और यह उनकी किसी जांच का हिस्सा नहीं रहा है।