6 जुलाई 1799 को 18 साल के रणजीत सिंह कुछ ख़ास लोगों के ख़त लेकर लाहौर की ओर जा रहे थे। उस वक़्त शायद किसी ने सोचा भी नहीं था कि यही युवक आगे चलकर ऐसे साम्राज्य का शासक बनेगा जिसकी राजधानी लाहौर होगी और जो कश्मीर से थार रेगिस्तान तक और ख़ैबर से सतलुज नदी तक फैला होगा। रणजीत सिंह का जन्म 13 नवंबर 1780 को लाहौर के उत्तर में स्थित गुजरांवाला में हुआ था। मुग़ल साम्राज्य के पतन के साथ पंजाब में 14 छोटी रियासतें बनीं, जिनमें 12 पर सिखों का शासन था। इन्हें मिसल कहा जाता था और इन्हीं में रणजीत सिंह के पिता की 'सुकरचकिया मिसल' शामिल थी, जिसके अधीन गुजरांवाला और आसपास के गांव आते थे।
1792 में पिता के निधन के समय रणजीत सिंह की उम्र महज़ 12 साल थी। अलबामा विश्वविद्यालय में इतिहास के प्रोफ़ेसर मैथ्यू लॉकवुड के अनुसार, "सुकरचकिया क़बीले का युवा उत्तराधिकारी क़द में छोटा था, उसकी बाईं आंख ख़राब थी और चेहरे पर चेचक के निशान थे। ऐसा लगता है कि उसमें एक महान साम्राज्य की स्थापना करने वाले व्यक्ति के रूप में उभरने की कोई ख़ास क्षमता नहीं थी।" 'हिस्ट्री एक्स्ट्रा' में वे लिखते हैं कि अगर रणजीत सिंह को अपने जीवन में प्रभावशाली महिला रिश्तेदारों का संरक्षण न मिला होता, तो संभव है कि पिता की मृत्यु के बाद उनकी सत्ता समाप्त हो गई होती। शुरुआत में उनकी मां राज कौर ने शासन की कार्यवाहक और सलाहकार के रूप में उनका मार्गदर्शन किया। 1796 में रणजीत ने कन्हैया मिसल के सरदार की बेटी महताब कौर से शादी की, लेकिन उनके जीवन में मां की भूमिका बनी रही। 1798 में मां की मृत्यु के बाद उन्होंने अपनी सास रानी सदा कौर से मार्गदर्शन लिया, जो ख़ुद कन्हैया मिसल की शासक थीं और जिनमें एक सिख योद्धा के सभी गुण थे। इससे एक साल पहले रणजीत सिंह ने अफ़ग़ान दुर्रानी साम्राज्य के शासक ज़मान शाह के हमले को विफल करने के लिए सेना का नेतृत्व किया था, और 1798 में अफ़ग़ानों के ख़िलाफ़ मिली जीत ने पंजाब में एक प्रमुख सैन्य कमांडर के रूप में उनकी पहचान को और मज़बूत किया।
उस समय लाहौर पर लहना सिंह, गुजर सिंह और सोभा सिंह नाम के तीन शासकों का राज था। सैयद मोहम्मद लतीफ़ अपनी किताब 'पंजाब का इतिहास' में लिखते हैं कि लाहौर के लोग इन शासकों के अत्याचारों से तंग आ चुके थे। उन्होंने एक याचिका तैयार की, जिस पर हकीम हाकिम राय, मियां आशिक़ मोहम्मद, मियां मोहम्मद दीन, मोहम्मद बाक़िर, मोहम्मद ताहिर, मुफ़्ती मोहम्मद मुकर्रम, मीर शादी और शहर के दूसरे प्रमुख नागरिकों ने हस्ताक्षर किए। रणजीत सिंह को लिखे इस पत्र में कहा गया कि लाहौर के तीनों शासकों के कारण शहर में भीषण अशांति फैली हुई है। ख़त में लिखा था, "शहर के बाहरी इलाक़े तबाह हो चुके हैं। शहर की दीवारों के भीतर भी, लगभग आधी आबादी अपने घर छोड़कर जा चुकी है और कई गलियां और मोहल्ले वीरान हो गए हैं।" इसमें यह भी कहा गया, "हुक्मरान हमेशा शराब पीने और विलासिता में लिप्त रहने के आदी हैं। अपनी विलासिता के ख़र्चों को पूरा करने के लिए वे शहरियों को लूटते हैं।"
सैयद मोहम्मद लतीफ़ के मुताबिक़, इन परिस्थितियों में लाहौर के लोगों ने सरदार रणजीत सिंह को शहर आकर प्रशासन संभालने के लिए आमंत्रित किया। इसी मक़सद से एक प्रतिनिधिमंडल रसूल नगर (रामनगर) पहुंचा, जहां रणजीत सिंह रह रहे थे। नागरिकों ने रणजीत सिंह की सास और कन्हैया मिसल की शासक सदा कौर को भी पत्र लिखकर इस अभियान में सहयोग का अनुरोध किया। रणजीत सिंह ने अपने प्रतिनिधि क़ाज़ी अब्दुर रहमान को लाहौर भेजा, ताकि वे मियां आशिक़ मोहम्मद, मियां मोहम्मद दीन और अन्य प्रभावशाली मुस्लिम नागरिकों से बातचीत कर सकें। शुरुआती बातचीत में यह सहमति बनी कि रणजीत सिंह के शहर में प्रवेश के लिए एक दरवाज़ा खोला जाएगा। इसके बाद रणजीत सिंह ने अपनी सेना इकट्ठा की और सदा कौर से परामर्श करने के लिए बटाला पहुंचे। सदा कौर भी अपनी सेना के साथ उनसे मिलने आईं। रण
