चीन ने इलेक्ट्रिक विमान के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। 14 नवंबर को शानडोंग प्रांत में 19 यात्रियों की क्षमता वाले इलेक्ट्रिक पैसेंजर एयरक्राफ्ट CE-25A की पहली पायलट वाली टेस्ट फ्लाइट पूरी की गई। करीब 10 टन वजनी यह विमान 300 किलोमीटर प्रति घंटे की क्रूजिंग रफ्तार से उड़ान भर सकता है। सरकारी कंपनी कमर्शियल एयरक्राफ्ट कॉरपोरेशन ऑफ चाइना (COMAC) ने इसे विकसित किया है। कंपनी के मुताबिक विमान एक बार में अधिकतम 400 किलोमीटर की दूरी तय कर सकता है।

टेस्ट फ्लाइट के दौरान विमान में तीन क्रू मेंबर मौजूद थे, जिनमें दो पायलट और एक फ्लाइट टेस्ट इंजीनियर शामिल थे। यह उड़ान करीब 57 मिनट 46 सेकंड तक चली, हालांकि विमान 16 मिनट 38 सेकंड तक ही हवा में रहा और उसने लगभग 60.4 किलोमीटर की दूरी तय की। परीक्षण के दौरान विमान के सभी सिस्टम सामान्य तरीके से काम करते रहे और प्रदर्शन से जुड़े सभी प्रमुख मानक उम्मीदों के मुताबिक रहे। इससे पहले 2 फरवरी 2026 को विमान ने बिना पायलट के अपनी पहली ऑटोनॉमस उड़ान पूरी की थी और इसके बाद 19 बार बिना पायलट के परीक्षण किए गए।

यह उपलब्धि इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि अब तक बड़े यात्री विमानों में ईंधन का इस्तेमाल होता रहा है, जबकि इलेक्ट्रिक विमान बैटरी से मिलने वाली बिजली के सहारे उड़ान भरते हैं। इलेक्ट्रिक विमान देखने में सामान्य हवाई जहाज जैसे ही होते हैं, लेकिन इनमें बैटरी की बिजली से मोटर चलाई जाती है, जो पंखों पर लगे प्रोपेलर को घुमाती है और विमान को आगे बढ़ने की ताकत देती है। इस प्रोजेक्ट को COMAC के साथ चीन की प्रमुख बैटरी निर्माता कंपनी CATL, शंघाई जियाओतोंग यूनिवर्सिटी और कई अन्य संस्थान मिलकर विकसित कर रहे हैं।

हालांकि, इस विमान की सफल टेस्ट फ्लाइट का मतलब यह नहीं है कि यह तुरंत आम यात्रियों के लिए उपलब्ध हो जाएगा। व्यावसायिक उड़ानें शुरू करने से पहले इसे कई और परीक्षणों और जरूरी मंजूरियों से गुजरना होगा। नियामकीय प्रक्रिया में भी विमान ने एक अहम कदम आगे बढ़ाया है—चीन के नागरिक उड्डयन प्रशासन ने इसके टाइप सर्टिफिकेट के आवेदन को औपचारिक रूप से स्वीकार कर लिया है, जो व्यावसायिक यात्री उड़ानें शुरू करने से पहले जरूरी मंजूरी है।