उत्तर प्रदेश सरकार ने 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इसी क्रम में 2005 बैच के आईपीएस अधिकारी जे. रविंदर गौड़ को गौतमबुद्ध नगर का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। वे अब तक गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट में पुलिस आयुक्त का पद संभाल रहे थे। उनके स्थान पर नोएडा की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद भेजा गया है। जे. रविंदर गौड़ इससे पहले नोएडा में कप्तान के तौर पर जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
जे. रविंदर गौड़ का जन्म 1 दिसंबर 1973 को तेलंगाना के महबूबनगर में हुआ था। उन्होंने लोक प्रशासन में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है। 22 अगस्त 2005 को उन्होंने आईपीएस सेवा में प्रवेश किया और वे उत्तर प्रदेश कैडर के 2005 बैच के अधिकारी हैं। अपने करियर के दौरान उन्होंने मेरठ, मुरादाबाद, लखनऊ और अलीगढ़ जैसे जिलों में एसएसपी के रूप में सेवाएं दीं। इसके अलावा वे गोरखपुर रेंज में डीआईजी के पद पर तैनात रहे और बाद में आईजी के पद पर पदोन्नत हुए। वर्ष 2013 में लखनऊ में एसपी रहते हुए उन्होंने पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण को नए आयाम देने की पहल की। वर्ष 2019 में उम्भा गांव में जमीन विवाद को लेकर गोंड जनजाति के 11 लोगों की हत्या के मामले की जांच करने वाली एसआईटी की अगुवाई भी उन्होंने की।
11 जनवरी 2024 को उन्होंने आगरा पुलिस कमिश्नरेट में पुलिस आयुक्त की जिम्मेदारी ली, जहां वे लगभग 15 महीनों तक इस पद पर रहे। आगरा में उन्होंने बीट पुलिस प्रणाली शुरू की। अप्रैल 2025 में उन्हें गाजियाबाद का पुलिस कमिश्नर बनाया गया, जहां उन्होंने सामुदायिक पुलिसिंग पर विशेष ध्यान दिया। गाजियाबाद में उनके कार्यकाल के दौरान मुठभेड़ों, अवैध संपत्तियों की कुर्की और नशे की बरामदगी से जुड़ी कई कार्रवाइयां की गईं। उन्हें डीजी की सराहना डिस्क के सिल्वर, गोल्ड और प्लैटिनम स्तर से भी सम्मानित किया जा चुका है।
गौतमबुद्ध नगर देश के प्रमुख औद्योगिक, आईटी और रियल एस्टेट हब में गिना जाता है, इसलिए यहां नए पुलिस कमिश्नर के रूप में रविंदर गौड़ के सामने कई चुनौतियां होंगी। इनमें नोएडा और ग्रेटर नोएडा में अपराध पर नियंत्रण, साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के खिलाफ असरदार कदम, हाईराइज सोसायटियों में सुरक्षा व्यवस्था में सुधार तथा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना शामिल है।
