भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) और राष्ट्रीय पोषण संस्थान (एनआईएन) के एक राष्ट्रीय सर्वेक्षण के अनुसार, देश के करीब दो तिहाई किशोर विटामिन बी12 की कमी से जूझ रहे हैं। 2023 से 2025 के बीच 35 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 183 जिलों में किए गए इस सर्वेक्षण में 10 से 19 साल की 65.4 फीसदी किशोरियों और 66.1 फीसदी किशोरों में इस विटामिन की कमी पाई गई।

सर्वेक्षण में 81 हजार से अधिक परिवारों के दो लाख से ज्यादा लोगों को शामिल किया गया और विभिन्न आयु व लिंग वर्गों में पोषण की स्थिति जानने के लिए 1.7 लाख से अधिक रक्त नमूनों की जांच की गई। आंकड़ों के मुताबिक, यह केवल किशोरों की समस्या नहीं है। 20 से 59 साल की 55.2 फीसदी महिलाओं और 60.4 फीसदी पुरुषों में भी विटामिन बी12 का स्तर कम पाया गया।

ग्रामीण क्षेत्रों की 66.5 फीसदी किशोरियों में यह कमी मिली, जबकि शहरी क्षेत्रों में यह आंकड़ा 61.7 फीसदी रहा। किशोर लड़कों में शहरी क्षेत्रों में 68.6 फीसदी और ग्रामीण क्षेत्रों में 65.3 फीसदी कमी पाई गई। पांच से नौ साल के 46.5 फीसदी बच्चों और 12 से 59 महीने के 37.3 फीसदी बच्चों में भी इसकी कमी दर्ज की गई। इसके अलावा 60 साल से अधिक उम्र की 41.2 फीसदी महिलाओं में विटामिन बी12 का स्तर कम पाया गया।

गर्भवती महिलाओं में भी यह कमी अधिक मिली है। सर्वेक्षण के अनुसार, 63.1 फीसदी गर्भवती महिलाओं में इसकी कमी पाई गई, जबकि स्तनपान कराने वाली महिलाओं में यह आंकड़ा 51.8 फीसदी रहा। आईसीएमआर ने रक्त में विटामिन बी12 का स्तर 203 पिकोग्राम प्रति मिलीलीटर से कम होने पर इसे कमी की श्रेणी में रखा है। सर्वेक्षण के नतीजे देश में खानपान और सूक्ष्म पोषक तत्वों की उपलब्धता पर व्यापक ध्यान देने की जरूरत को भी रेखांकित करते हैं।