गुजरात के बनासकांठा ज़िले के वडगाम तालुका के डालवाणा गांव में एक भैंस ने दो मुंह (सिर) वाले बच्चे को जन्म दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक़, यह बछिया एक ही शरीर के साथ पैदा हुई है, लेकिन उसके दो सिर हैं। गांव के पशुपालक बाबूजी ठाकोर की भैंस ने इस बच्चे को जन्म दिया। ख़बर फैलने के बाद आसपास के गांवों से लोग इसे देखने पहुंच रहे हैं। स्थानीय स्तर पर कुछ लोग इसे 'कुदरत का चमत्कार' बता रहे हैं।

हालांकि, पशु चिकित्सकों के मुताबिक़ यह कोई चमत्कार नहीं, बल्कि गर्भ के शुरुआती विकास के दौरान कोशिकाओं के विभाजन में गड़बड़ी से होने वाली जन्मजात विकृति है। पशु चिकित्सक रमेश पटेल कहते हैं कि गाय या भैंस के मामले में गर्भ के 13वें या 14वें दिन कोशिकाओं का विभाजन होता है और यदि यह प्रक्रिया बीच में रुक जाए तो ऐसी घटनाएं हो सकती हैं। उनके अनुसार, कोशिका विभाजन रुकने से दो बच्चे अलग होने के बजाय आपस में जुड़ गए और उनके दो मुंह हो गए। वह कहते हैं कि ऐसी घटनाएं जानवरों और इंसानों में भी देखने को मिलती हैं और इसमें किसी तरह के अंधविश्वास या अफ़वाह की ज़रूरत नहीं है।

गांधीनगर के सरकारी पशु अस्पताल के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जिगर कंसारा ने कहा कि कोशिका विभाजन पूरी तरह नहीं होने से कई तरह की असामान्यताएं पैदा हो सकती हैं। वैज्ञानिक भाषा में इसे 'डाइसेफेलिक हेड' कहा जाता है। उनके मुताबिक़, आनुवंशिक स्तर पर गुणसूत्रों के विभाजन में गड़बड़ी से ऐसी स्थिति पैदा होती है, हालांकि अब तक ऐसा कोई मामला सामने नहीं आया है जिसमें इसकी वजह कोई एक ख़ास जीन हो। पशु चिकित्सकों के अनुसार, ऐसे ज़्यादातर मामलों में दो सिर वाले जानवर जन्म के कुछ ही समय बाद मर जाते हैं और बचने पर भी वे सामान्य जीवन नहीं जी पाते।

बछिया के मालिक चंदाजी बाबूजी ठाकोर ने कहा कि बच्चे का जन्म सामान्य तरीके से हुआ था, लेकिन इसे देखकर वे हैरान रह गए क्योंकि इसका शरीर एक ही है और दो सिर हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं के बारे में उन्होंने सिर्फ़ सुना था और अपनी आंखों से देखकर अचरज हुआ। उनके मुताबिक़, ख़बर फैलने के बाद खेरालू, विसनगर और पालनपुर जैसे दूर-दराज़ के इलाक़ों से भी लोग इसे देखने आ रहे हैं। ठाकोर ने इसे कुदरत का चमत्कार बताया है।