क्राइस्टचर्च में भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन टीम इंडिया को पहला विकेट दूसरे ही ओवर में मिल गया। न्यूजीलैंड के सबसे ज्यादा परेशान करने वाले बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स पवेलियन लौटे। उन्हें अंशुल कंबोज ने आउट किया।

जसप्रीत बुमराह ने दिन का पहला ओवर डाला, जबकि दूसरा ओवर लेकर अंशुल कंबोज आए। कंबोज ने अपनी दूसरी ही गेंद पर ग्लेन फिलिप्स को आउट कर दिया। ऑफ स्टंप से बाहर की तरफ स्विंग होती गेंद को फिलिप्स ने डिफेंस करने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों में चली गई। फिलिप्स ने 36 रनों की पारी खेली।

ग्लेन फिलिप्स छठे बल्लेबाज के रूप में आउट हुए। मैच के पहले दिन भारतीय टीम ने 5 विकेट चटकाए थे। ब्लंडेल के साथ मिलकर फिलिप्स ने 63 रनों की साझेदारी की। 25 साल के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज का मैच में यह दूसरा विकेट था। उन्होंने पहले दिन तीसरे नंबर पर उतरे हेनरी निकोल्स का विकेट लिया था। इस पारी में उन्होंने जसप्रीत बुमराह के साथ नई गेंद से भारत के लिए गेंदबाजी की है।

भारत के न्यूजीलैंड दौरे पर ग्लेन फिलिप्स का बल्ला खूब बोला है। पहले टेस्ट में शतक लगाने से पहले टी20 सीरीज में भी उन्होंने शतक ठोका था। 5 मैचों की टी20 सीरीज में उन्होंने 341 रन ठोके थे और सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बने। उनका औसत 113.67 जबकि स्ट्राइक रेट 185 का रहा।