स्पेन ने गुरुवार को ऑस्ट्रिया को 2-0 से हराकर डेविस कप के सेमीफाइनल में जगह बना ली, जहां उसका सामना ब्रिटेन से होगा। ब्रिटेन ने जर्मनी को 2-1 से हराकर सात साल में पहली बार सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
एपी, बोलोग्ना। स्पेन ने अपने स्टार खिलाड़ी कार्लोस अलकराज के बिना ही गुरुवार को ऑस्ट्रिया को 2-0 से हराकर डेविस कप के सेमीफाइनल में ब्रिटेन के खिलाफ अपनी जगह पक्की कर ली। डेनियल मेरिडा ने पदार्पण कर रहे ऑस्ट्रिया के जोएल श्वार्जलर को 6-4, 6-4 से हराकर छह बार की चैंपियन स्पेन को बढ़त दिलाई। इसके बाद राफेल जोडार ने जुरिज रोडियोनोव को 2-6, 6-0, 6-1 से हराकर स्पेन की जीत सुनिश्चित की। फिटनेस संबंधी समस्याओं के चलते अलकराज को सिंगल्स मुकाबलों के लिए नहीं चुना गया था। स्पेन ने आखिरी बार 2019 में यह खिताब जीता था।
दूसरी तरफ, कैमरन नारी ने जर्मनी के जान-लेनार्ड स्ट्रफ को 6-3, 3-6, 6-2 से हराकर ब्रिटेन को बढ़त दिलाई। इस साल फ्रेंच ओपन और यूएस ओपन जीतने वाले अलेक्जेंडर ज्वेरेव ने आर्थर फेरी को 6-3, 6-2 से हराकर मुकाबला 1-1 से बराबर कर दिया।
हालांकि ज्वेरेव को निर्णायक डबल्स मुकाबले के लिए नहीं उतारा गया। उनकी जगह केविन क्राविएट्ज और टिम पुएट्ज की जर्मन जोड़ी को ब्रिटेन के हेनरी पैटन और नील स्कुपस्की ने 6-2, 7-6 (6) से हरा दिया। इस हार के साथ जर्मनी टूर्नामेंट से बाहर हो गया, जबकि ब्रिटेन सात साल में पहली बार सेमीफाइनल में पहुंचा है।
