एसीसी मेंस राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 के सेमीफाइनल में शुक्रवार को पाकिस्तान ए ने बांग्लादेश ए को पांच विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली। दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हुए इस मैच में हसन नवाज का ऑलराउंड प्रदर्शन निर्णायक रहा और वे प्लेयर ऑफ द मैच बने।

पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ए की टीम 50 ओवर में 8 विकेट पर 232 रन ही बना सकी। टीम की तरफ से शहादत हुसैन दीपु ने 118 गेंदों में 103 रन की पारी खेली, जिसमें सात चौके और तीन छक्के शामिल रहे। उन्होंने तीसरे विकेट के लिए माहिदुल इस्लाम अनकोन (42) के साथ 95 रन और छठे विकेट के लिए एसएम मेहेरोब (28) के साथ 52 रन की साझेदारी की। पाकिस्तान की ओर से सुफियान मोकिम ने 29 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि अली रजा और हसन नवाज को दो-दो सफलता मिली।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान ए ने 21 रन के स्कोर पर दो विकेट गंवा दिए। इसके बाद हसन नवाज और शाहजैब खान ने तीसरे विकेट के लिए 110 रन जोड़कर पारी संभाली। नवाज ने तीन चौके और तीन छक्कों की मदद से 62 रन बनाए, जबकि खान ने 50 रन की पारी खेली। कप्तान अब्दुल समद (44) और फरहान यूसुफ (46) ने पांचवें विकेट के लिए 56 गेंदों में 74 रन जोड़कर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। पाकिस्तान ने 45.2 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

फाइनल में पाकिस्तान ए का सामना रविवार को श्रीलंका ए से होगा।