न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ क्राइस्टचर्च में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन में मोहम्मद सिराज को एक बार फिर जगह नहीं मिली है। सीरीज़ के पहले टेस्ट में भी सिराज को टीम से बाहर रखा गया था, जिसकी काफ़ी आलोचना हुई थी। पहले टेस्ट में भारतीय गेंदबाज़ न्यूज़ीलैंड को ऑलआउट नहीं कर पाए थे और मैच ड्रॉ रहा था। ऐसे में सिराज को लगातार दूसरे मैच में बाहर रखने के फ़ैसले पर सवाल उठ रहे हैं।

दूसरे टेस्ट के लिए भारत ने अपनी टीम में सिर्फ़ एक बदलाव किया है। गेंदबाज़ प्रसिद्ध कृष्णा की जगह गुरनूर बराड़ को टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू का मौक़ा दिया गया है। पिछले साल ओवल में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ खेले गए टेस्ट में सिराज ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए भारत को छह रन से जीत दिलाई थी। उस मैच के बाद से उन्होंने सात टेस्ट मैचों में 21 विकेट लिए हैं।

पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर मोहम्मद कैफ़ ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा कि यह यक़ीन करना मुश्किल है कि भारत के प्रमुख तेज़ गेंदबाज़ों में से एक सिराज को फिर से टीम से बाहर कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि विदेशी धरती पर होने वाले टेस्ट मैचों में जसप्रीत बुमराह के साथ सिराज का नाम भी सबसे पहले लिया जाना चाहिए। कमेंटेटर हर्षा भोगले ने भी इस फ़ैसले पर निराशा जताई है।

पूर्व क्रिकेटर सुनील गावस्कर ने पहले टेस्ट में सिराज को न खिलाए जाने पर हैरानी जताई थी। उन्होंने सिराज के साथ-साथ रविंद्र जडेजा को टीम से बाहर रखने पर भी सवाल उठाए और इसे चूक बताया। टीवी एंकर सुमंत रमन ने भी सिराज के साथ भेदभाव का आरोप लगाते हुए फ़ैसले की आलोचना की है। पूर्व गेंदबाज़ मुनाफ़ पटेल ने भी इस मुद्दे पर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है।