भारतीय टी20 टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के सुपर लीग चरण में मुंबई की ओर से खेलते नजर आएंगे। मुंबई के लिए घरेलू क्रिकेट खेलने वाले अय्यर 30 नवंबर से नागपुर में शुरू हो रहे इन मुकाबलों में उतरेंगे। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली मुंबई ने ग्रुप डी में सात में से छह मैच जीतकर अंक तालिका में पहला स्थान हासिल किया और सुपर लीग में जगह बनाई। इसी ग्रुप से विदर्भ ने भी क्वालिफाई किया है।

अय्यर के खेलने के बावजूद मुंबई की कमान सूर्यकुमार यादव के पास ही रहेगी। उल्लेखनीय है कि सूर्यकुमार को हटाकर ही अय्यर को भारतीय टी20 टीम की कप्तानी सौंपी गई थी। अय्यर न्यूजीलैंड दौरे के व्हाइट-बॉल मुकाबलों के बाद पहली बार मैदान पर उतरेंगे। उनकी कप्तानी में भारत ने टी20 सीरीज जीती थी, जबकि शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में उन्होंने आखिरी दो वनडे में भी टीम की कप्तानी की और भारत ने आखिरी मैच जीतकर वनडे सीरीज भी अपने नाम की।

अय्यर के आने से मुंबई की पहले से मजबूत बल्लेबाजी और बेहतर होगी। टीम में अंगकृष रघुवंशी, मुशीर खान, सरफराज खान, सूर्यकुमार यादव और शिवम दुबे जैसे बल्लेबाज भी शामिल हैं। अय्यर पिछले कुछ दिनों से सीसीआई में अभ्यास कर रहे थे और रविवार को बाकी टीम के साथ नागपुर के लिए रवाना होंगे। मुंबई को अब तक टूर्नामेंट में एक भी हार नहीं मिली है।

दो बार की सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी चैंपियन मुंबई को सुपर लीग के ग्रुप बी में आंध्रा, पंजाब और राजस्थान के साथ रखा गया है। टीम अपना पहला मैच 30 नवंबर को आंध्र के खिलाफ खेलेगी, इसके बाद 2 दिसंबर को पंजाब और 4 दिसंबर को राजस्थान से भिड़ेगी। सुपर लीग में दो ग्रुप हैं और दूसरे ग्रुप में दिल्ली, केरल, बड़ौदा तथा विदर्भ की टीमें हैं। हर टीम अपने ग्रुप की अन्य टीमों के खिलाफ एक-एक मैच खेलेगी और दोनों ग्रुप की शीर्ष टीमों के बीच 6 दिसंबर को फाइनल खेला जाएगा।